रणबीर, कार्तिक और अक्षय ने चुकाए सुधीर दलवी के मेडिकल बिल, पत्नी ने बताया- कई लोगों ने आर्थिक मदद की

रणबीर, कार्तिक और अक्षय ने चुकाए सुधीर दलवी के मेडिकल बिल, पत्नी ने बताया- कई लोगों ने आर्थिक मदद की

साईं बाबा फेम सुधीर दलवी आर्थिक तंगी और गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. उनके मुश्किल दौर में बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन, रणबीर कपूर और अक्षय कुमार ने उनके बीमारी के बिल भरे थे.

दिग्गज एक्टर सुधीर दलवी के मुश्किल वक्त में बॉलीवुड के कई सितारे मदद के लिए आगे आए. शिरडी के साईं बाबा में साईं बाबा का किरदार निभाकर घर-घर में मशहूर हुए सुधीर दलवी को सेप्सिस के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इस दौरान उनके इलाज का खर्च काफी बढ़ गया था. लेकिन आर्थिक तंगी की वजह से बिल भरने में मुश्किल हो रही थी. उस मुश्किल दौर में एक्टर की मदद के लिए बॉलीवुड के 3 सुपरस्टार आगे आए थे. जी हां, सुधीर दलवी की पत्नी ने खुसासा किया है कि उस समय रणबीर कपूर, कार्तिक आर्यन और अक्षय कुमार समेत फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने उनकी आर्थिक मदद की थी.

बॉलीस्पाइस को दिए एक इंटरव्यू में सुहास दलवी ने बताया, जब यह खबर फैली कि हम अस्पताल के बिल नहीं भर पा रहे हैं, तो फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग आर्थिक मदद के लिए आगे आए. उन्होंने कहा, मुझे अभी सभी के नाम याद नहीं हैं, लेकिन कार्तिक आर्यन, रणबीर कपूर और अक्षय कुमार मदद करने वालों में सबसे पहले थे. इसके अलावा फिल्म इंडस्ट्री और उसके बाहर भी बहुत से लोगों ने हमारी मदद की.

ये भी पढ़ें: Kaun Banega Crorepati 18: अमिताभ बच्चन और सैफ अली खान का क्या है रिश्ता? बिग बी ने खुद बताया परिवार का कनेक्शन

साईं भक्तों ने भी की मदद

सुहास ने आगे बताया कि उनके पति को सबसे ज्यादा पहचान साईं बाबा का किरदार निभाने से मिली है. यही वजह है कि उनकी बीमारी की खबर सुनकर कई साईं भक्त भी मदद के लिए आगे आए. उन्होंने कहा, मेरे पति को साईं बाबा का किरदार निभाने के लिए जाना जाता है. इतने सारे साईं भक्त मदद के लिए आगे आए. कौन कहता है कि हम लोग संवेदनहीन हो गए हैं? मेरे पति की बीमारी के बाद लोगों ने जिस तरह का प्यार और उदारता दिखाई, वह बहुत भावुक कर देने वाला है.

अब घर लौट चुके हैं सुधीर दलवी

सुहास दलवी ने बताया कि सुधीर दलवी अब अस्पताल से घर वापस आ चुके हैं. हालांकि उनकी रिकवरी अभी धीमी है. उन्होंने कहा कि वह अभी वॉकर की मदद से चलते हैं और उनका दिमाग भी पूरी तरह सामान्य तरीके से काम नहीं कर रहा है. उन्होंने कहा, वह अब घर पर हैं. अभी भी उन्हें वॉकर की मदद से चलना पड़ता है और उनका दिमाग थोड़ा असमंजस में रहता है. लेकिन वह घर आकर खुश हैं और मैं भी खुश हूं. अस्पताल सिर्फ महंगा ही नहीं था, बल्कि वहां का माहौल भी मरीज के लिए काफी डराने वाला होता है.

अक्टूबर 2025 में अस्पताल में हुए थे भर्ती

सुधीर दलवी को अक्टूबर 2025 में लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें सेप्सिस की गंभीर समस्या थी, जिसने उनके जोड़ों को बुरी तरह प्रभावित किया और उनके हाथ-पैरों की गतिशीलता भी कम हो गई थी. उन्हें लंबे समय तक आईसीयू में रहना पड़ा. परिवार ने उनके इलाज के लिए करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे, जबकि डॉक्टरों ने बताया था कि इलाज का कुल खर्च 15 लाख रुपये से ज्यादा हो सकता है. दिसंबर 2025 में श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट को सुधीर दलवी के इलाज के लिए आर्थिक मदद देने की अनुमति मिली थी. ट्रस्ट ने उनके इलाज के लिए 11 लाख रुपये की मदद की थी.

कहकशा परवीन
कहकशा परवीन

टीवी 9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर काम कर रहीं कहकशा परवीन को मीडिया इंडस्ट्री में 6 साल का अनुभव है. इन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन किया है और इलेक्ट्रोनिक मीडिया एंड टीवी प्रोडक्शन में डिप्लोमा किया है. कहकशा ने अपने करियर की शुरुआत बतौर रिपोर्टर की थी. इसके बाद नवोदया टाइम्स में मनोरंजन सेक्शन में कंटेंट लिखना और सेलिब्रेटिजी के इंटरव्यू लेती रही हैं. एबीपी नेटवर्क में भी कहकशा बतौर सब एडिटर मनोरंज की खबरें लिखती रही हैं. इन्हें ट्रैवल, फैशन, लाइफस्टाइल और एंटरटेनमेंट में लिखने और पढ़ने का शौक है.

Read More