जबलपुर में सनसनीखेज वारदात: BJP नेत्री संगीता रजक की गोली लगने से मौत, बंदूक ले जाते समय दबा था ट्रिगर
BJP Neta Sangeeta Rajak Death: जबलपुर में भाजपा नेत्री व पूर्व पार्षद प्रत्याशी संगीता रजक की घर में रखी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक से गोली लगने के कारण मौत हो गई. परिजनों के अनुसार, 10 दिन पहले घर पर हुए बम हमले के कारण परिवार सतर्क था और आधी रात को बाहर असामाजिक तत्वों को देखकर बंदूक ले जाते समय अचानक ट्रिगर दब गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है. यहां रांझी थाना क्षेत्र के पुराने शोभापुर इलाके में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नेत्री संगीता रजक की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. देर रात हुई इस खौफनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है.
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी ने बताया कि पुलिस को ओमेगा हॉस्पिटल से सूचना मिली थी कि संगीता रजक की गनशॉट इंजरी (गोली लगने) के कारण मौत हो गई है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए. परिजनों के मुताबिक, घटना रात करीब एक बजे की है. घर के बाहर कुछ संदिग्ध हलचल सुनाई देने पर संगीता रजक के पति और उनके भाई (देवर) तुरंत बाहर की तरफ भागे.
चूंकि परिवार को सुरक्षा का खतरा था, इसलिए घर में एक लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक रखी हुई थी. पति और देवर को बिना हथियार के बाहर जाता देख संगीता रजक खुद बंदूक लेकर उन्हें देने के लिए पीछे-पीछे आ रही थीं. परिजनों का दावा है कि इसी दौरान गैलरी में अचानक बंदूक का ट्रिगर दब गया (मिसफायर) और गोली सीधे संगीता को जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ीं.
10 दिन पहले घर पर फेंका गया था बम
पुलिस जांच में एक बेहद चौंकाने वाला पहलू सामने आया है. दरअसल, करीब 10 दिन पहले मोहल्ले के ही कुछ असामाजिक तत्वों, पवन रजक और प्रवीण रजक द्वारा संगीता रजक के घर पर बम फेंककर दहशत फैलाने की वारदात को अंजाम दिया गया था. इस हमले के बाद से ही पूरा परिवार बेहद डरा हुआ और सतर्क था. अपनी आत्मरक्षा के लिए ही उन्होंने लाइसेंसी बंदूक पास में रखी हुई थी. शनिवार आधी रात को भी जब बाहर असामाजिक तत्वों की आवाजें आईं, तो परिवार को लगा कि दोबारा हमला हो सकता है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली यूनिवर्सिटी की लेडी प्रोफेसर हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, कोलकाता से रची गई थी साजिश, कपल अरेस्ट
पुलिस ने बंदूक की जब्त, CCTV फुटेज की जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलने के बाद फोरेंसिक और पुलिस टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हुई 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक को जब्त कर लिया है. जांच में बंदूक से एक राउंड फायर होना पाया गया है, जबकि एक जिंदा कारतूस भी मौके से बरामद हुआ है. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस दुर्घटनावश गोली चलने और हत्या, दोनों ही एंगलों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. इसके साथ ही मोहल्ले में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
संगीता रजक भाजपा की सक्रिय नेता थीं और पिछले नगर निगम चुनाव में वह पार्टी की ओर से पार्षद प्रत्याशी भी रह चुकी थीं. उनकी अचानक हुई इस मौत से स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं में गहरा शोक है.




