2 महीने बाद सोशल मीडिया पर लौटीं सुमोना चक्रवर्ती, बताया क्या थी इसकी वजह; ट्रोल्स को भी दिया जवाब

2 महीने बाद सोशल मीडिया पर लौटीं सुमोना चक्रवर्ती, बताया क्या थी इसकी वजह; ट्रोल्स को भी दिया जवाब

सुमोना चक्रवर्ती ने तकरीबन 2 महीने से भी ज्यादा टाइम के बाद सोशल मीडिया पर वापसी की है. दरअसल उन्होंने एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी करवाई थी. अब उन्होंने पोस्ट शेयर कर अपनी रिकवरी की अपडेट देने के साथ ही ऑनलाइन ट्रोलिंग पर भी प्रतिक्रिया दी है. इसी के साथ अपने एक्टिंग करियर को लेकर भी बात की.

सुमोना चक्रवर्ती ने बताया कि बताया कि कई सालों के इलाज के बावजूद भी सिचुएशन सही नहीं हो रही थी और इसके बाद उन्होंने स्टेज 4 एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी करवाने का फैसला लिया. एक्ट्रेस सुमोना कई टीवी सीरियल में नजर आ चुकी हैं. इसके अलावा कपिल शर्मा शो में वो कॉमेडियन के तौर पर मशहूर हुई हैं. इस वक्त सुमोना सर्जरी के बाद रिकवरिंग स्टेज में हैं, और अब उन्होंने एक इमोशनल नोट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बेबाकी के साथ अपनी इस नई जिंदगी, ट्रोल्स और एक्टिंग में अपने काम करने के बारे में भी बात रखी है.

उन्होंने बताया कि उनकी सर्जरी बीती 4 मई को हुई थी. कई सालों से वो अपनी इस हेल्थ प्रॉब्लम को मैनेज करने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन आखिरकार उन्होंने इससे पूरी तरह छुटकारा पाने के लिए सर्जरी करवा ली.उन्होंने ये भी बताया कि फिलहाल अब वो पूरी तरह से ठीक हैं.

सुमोना ने दिया हेल्थ अपडेट

सुमोना चक्रवर्ती ने पोस्ट शेयर करके लिखा, ” हैलो, लंबे समय बाद वापस आकर खुशी हो रही है. पिछले दो महीनों से मैं दुनिया-दारी से दूर रही हूं. मैंने जानबूझकर सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी, 4 मई को मेरी एंडोमेट्रियोसिस की सर्जरी हुई. सालों तक इसे कंट्रोल करने की कोशिशों के बावजूद, यह बीमारी बहुत ज्यादा बढ़ गई थी. मुझे लगता है कि अब इससे छुटकारा पाने का समय आ गया था. पिछले दो महीने मैंने शारीरिक और मानसिक रूप से ठीक होने में बिताए हैं. और आज मैं ईमानदारी से कह सकती हूं कि मैं ठीक हूं, बल्कि, बहुत अच्छी हूं.

एक्ट्रेस ने ये भी बताया कि वो हमेशा अपने डॉक्टर की शुक्रगुजार रहेंगी. इसके अलावा उन्होंने साफ किया कि वो ये पोस्ट किसी प्रमोशन या हमदर्दी पाने के लिए नहीं कर रही हैं, बल्कि इसलिए कर रही हैं, क्योंकि इस एक्सपीरियंस ने जिंदगी के प्रति उनके नजरिए को पूरी तरह बदल दिया है.

डिलीट करना चाहती थीं सोशल हैंडल

सुमोना चक्रवर्ती ने ये भी बताया कि वो सोशल मीडिया से पूरी तरह दूर होना चाहती थीं. उन्होंने लिखा, “मैंने WhatsApp और Instagram पूरी तरह से डिलीट करने की सोच से लेकर,यह भी समझा कि यह कोई प्रैक्टिकल कदम नहीं था. आखिर, मैं अभी पहाड़ों पर जाकर रिटायर तो नहीं हो रही हूं.मेरा काम है, परिवार है, दोस्त हैं, जिंदगी है.लेकिन, मैं एक चीज़ ज़रूर बदलना चाहती हूं, और वो है सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने का मेरा तरीका.”

महिलाओं के लिए बनाना चाहती हैं कम्युनिटी

उन्होंने आगे लिखा, “मैं कभी भी नंबर्स के खेल के पीछे नहीं भागी, चाहे वो लाइक्स हों, कमेंट्स हों या फॉलोअर्स.इसके बजाय, मैं एक जैसी सोच वाले लोगों की कम्युनिटी बनाना चाहती हूं,खासकर महिलाओं की.एक ऐसी जगह जहां हम सेहत, शारीरिक और मानसिक, पेरिमेनोपॉज, एंडोमेट्रियोसिस, आम वेलनेस, ट्रैवल, ऐसी जगहें जहां आप जा चुकी हैं या जाना चाहती हैं, मैंने जो किताबें पढ़ी हैं, पौधे, कुत्ते, बिल्लियां, खाना, सिंगल रहने, आजाद रहने, बच्चे न रखने या बस एक DINK (डबल इनकम, नो किड्स) कपल होने जैसे विषयों पर बात कर सकें.” उन्होंने ये भी बताया कि इसे लेकर उनके दिमाग में कुछ आइडिया भी हैं.

ट्रोलिंग पर की बात

सुमोना चक्रवर्ती ने ट्रोलिंग पर बात करते हुए लिखा, “मैंने पिछले कुछ सालों में एक बात देखी है, ‘मेरी पोस्ट पर आने वाले आम कमेंट्स के अलावा (जो या तो मेरे शरीर के किसी हिस्से का मज़ाक उड़ाते हैं या फिर अश्लील और भद्दे होते हैं, और अफसोस की बात है कि ये ज्यादातर पुरुषों की तरफ़ से ही आते हैं’, अच्छे लोग असल में पब्लिक में बातचीत नहीं करते. वो पढ़ते हैं, लाइक करते हैं, वे कभी-कभी मुझे प्राइवेट मैसेज करते हैं और फिर आगे बढ़ जाते हैं.” उन्होने आगे लिखा, “हां मैं एक एक्ट्रेस हूं, एक महिला एक्ट्रेस, तो जाहिर है, मैं एक खास तरह के लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचूंगी ही, यह मेरे काम का ही एक हिस्सा है, मैं अपनी आखिरी सांस तक काम और एक्टिंग करती रहूंगी.

एक्ट्रेस ने इसके आगे भी बहुत कुछ लिखा है, जैसे उन्होंने जिस तरह से अब तक ज्यादातर पर्सनल लाइफ को प्राइवेट रखा है, वो आगे भी ऐसा ही करेंगी, लेकिन अगर कोई ऐसी बात है जैसे एंडोमेट्रियोसिस से उनका बैटल तो वो इसे शेयर करेंगी, ताकि सच में किसी की मदद हो सके. उन्होंने ये भी लिखा कि एक तस्वीर पोस्ट करने की बजाय उन्होंने इतना लिखने की मेहनत इसलिए की है ताकि लोग रुककर वाकई इसे पढ़ेंगे और शायद चर्चा में भी शामिल होंगे.

लंबा रहा है एक्ट्रेस का करियर

सुमोना चक्रवर्ती ने 1999 में अपना करियर आमिर खान की फिल्म ‘मन’ से की थी. उन्होंने इसमें चाइल्ड आर्टिस्ट का रोल प्ले किया था. 2011 में उन्हें सीरियल ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ से पहचान मिली और कपिल शर्मा शो से भी उन्हें काफी पॉपुलैरिटी मिली है. इसके अलावा वो कॉमेडी सर्कस की विनर रही हैं और किक, बर्फी जैसी फिल्मों में एक्टिंग कर चुकी हैं.

ये भी पढ़ें: सतलुज के बाद इस फिल्म की रिलीज अधर में लटकी, नहीं मिली सेंसर बोर्ड की मंजूरी

शशि सिंह
शशि सिंह

शशि सिंह टीवी9 डिजिटल हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. उत्तर प्रदेश के बरेली शहर से ताल्लुक रखने वाली शशि ने बरेली कॉलेज (महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय) से आर्ट्स से ग्रेजुएशन किया है और अमर उजाला से संबंद्ध इंस्टीट्यूट 'द आरोहन मीडिया स्कूल' से इंटीग्रेटेड डिजिटल मीडिया में पीजी डिप्लोमा कर चुकी हैं. इसके साथ ही अमर उजाला से ही इन्होंने बतौर जूनियर कंटेंट राइटर पत्रकारिता के करियर की शुरुआत की. वह रिलीजन, रिलेशनशिप, फूड, हेल्थ, और मनोरंजन जैसे टॉपिक्स पर लिखती हैं. इन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन सालों से ज्यादा का अनुभव है. वहीं मनोरंजन के साथ राजनीति, क्राइम और देश-दुनिया की खबरों के लेखन में भी दिलचस्पी रखती हैं. इसके अलावा इन्होंने 'टेकवन स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन' से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री भी ली है. वह किताबें पढ़ने, कविताएं और शायरी लिखने-पढ़ने का शौक रखती हैं और नई-नई चीजों को एक्सप्लोर करना पसंद करती हैं.

Read More