Mohit Ulva: जिसने रवींद्र जडेजा को खोजा, उसी कोच से सीखा क्रिकेट, अब पाकिस्तान से छीनी जीत

Mohit Ulva: जिसने रवींद्र जडेजा को खोजा, उसी कोच से सीखा क्रिकेट, अब पाकिस्तान से छीनी जीत

खुद को पैट कमिंस का फैन बताने वाले मोहित उल्वा ने 10वें नंबर पर आकर बल्ले से ऐसा कमाल दिखाया, जिसने भारत को हार के मुंह से निकालते हुए एक रोमांचक और यादगार जीत दिला दी,

भारत और पाकिस्तान क्रिकेट की जब भी बात आती है तो हमेशा सीनियर मेंस क्रिकेट टीम के मुकाबलों का ही जिक्र होता है. दोनों टीमों ने कई शानदार, रोमांचक और हैरतअंगेज मुकाबले पेश किए हैं. मगर आने वाले सालों में अब भारत-पाकिस्तान मैच का जिक्र होते ही अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल भी चर्चा में आया करेगा, जिसमें भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर 338 रन का लक्ष्य हासिल किया और 1 विकेट से जीत दर्ज की. इस रोमांचक जीत के स्टार बने मोहित उल्वा, जिन्होंने 10वें नंबर पर उतरकर भारत की तय नजर आ रही हार को जीत में बदल दिया.

ओमान में हुए अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान ने 337 रन बनाए थे. भारत ने इसके जवाब में अच्छी शुरुआत के बाद धड़ाधड़ विकेट गंवा दिए और 41.3 ओवर में स्कोर 8 विकेट के नुकसान पर 252 रन था. हार तय नजर आ रही थी. मगर 7वें नंबर के बल्लेबाज मनल चौहान और 10वें नंबर पर आए मोहित उल्वा ने कहानी पूरी तरह से बदल ली. मनल के आउट होने के बाद भी मोहित टिके रहे और जब आखिरी गेंद पर 3 रन चाहिए थे तो उन्होंने चौका जमाकर भारतीय टीम को चैंपियन बना दिया.

टीम इंडिया में बतौर तेज गेंदबाज खेल रहे मोहित इस फाइनल में अपनी बॉलिंग से असर नहीं डाल सके थे. उन्होंने 8 ओवर में 57 रन लुटाए और कोई विकेट भी नहीं ले सके. मगर बल्ले से उन्होंने अपना योगदान दिया और सिर्फ 28 गेंदों में नाबाद 49 रन की हैरतअंगेज मैच जिताऊ पारी खेली. इस प्रदर्शन से मोहित ने साबित कर दिया कि वो एक अच्छे ऑलराउंडर बनने की काबिलियत रखते हैं. उनकी इस काबिलियत से हैरानी भी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने क्रिकेट का ‘क, ख ग…’ उसी कोच और एकेडमी से सीखा, जिसने भारत को रवींद्र जडेजा जैसा दिग्गज ऑलराउंडर दिया.

जी हां, 18 साल के मोहित उल्वा और रवींद्र जडेजा के बीच ये खास कनेक्शन है. गुजरात के सुंदरनगर में रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) के जवान के बेटे मोहित ने जामनगर में क्रिकेट के गुर सीखे. उनके पिता क्रिकेट के शौकीन थे लेकिन खुद अपनी ख्वाहिशें पूरी नहीं कर सके तो बेटे को ही क्रिकेटर बना दिया. स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, मोहित के पिता ने उन्हें जामनगर की ‘क्रिकेट बंगलो’ एकेडमी में भर्ती कराया, जहां उन्होंने एकेडमी के मालिक और कोच महेंद्रसिंह चौहान से क्रिकेट सीखा. चौहान ने ही सालों पहले रवींद्र जडेजा को खोजा था और उन्हें उस स्टार में बदला, जो आज दुनिया देख रही है.

मोहित खुद भी पढ़ाई से बचना चाहते थे, इसलिए क्रिकेट से अच्छा रास्ता उनके लिए क्या हो सकता था. इसी एकेडमी में आकर वो ऑफ स्पिनर से एक तेज गेंदबाज में बदल गए और ये कोच चौहान के कहने पर ही हुआ. मगर इसके अलावा जो सबसे अहम पहलू कोच चौहान ने युवा मोहित को समझाया, वो था फिटनेस. मोहित ने इंटरव्यू में बताया कि कोच चौहान ने उन्हें अपनी फिटनेस पर जमकर ध्यान देने को कहा और इसलिए वो ग्राउंड के कई चक्कर लगाते और फिर अन्य फिटनेस ड्रिल में हिस्सा लेते थे.

मोहित ऑस्ट्रेलियाई कप्तान और तेज गेंदबाज पैट कमिंस के फैन हैं. कमिंस की तरह वो भी गेंद के अलावा बल्ले से अपनी टीम के लिए योगदान देने की काबिलियत रखते हैं. सौराष्ट्र के लिए एज-ग्रुप क्रिकेट खेलने के बाद मोहित ने अंडर-19 भारतीय टीम में भी अपनी पहचान बनाई है. टीम के लिए नई गेंद से गेंदबाजी करने वाले मोहित ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ यूथ ODI सीरीज के 3 मैच में 5 विकेट लिए थे. ये एशिया कप उनके लिए ज्यादा सफलता लेकर नहीं आया और 5 मैच में उन्होंने 3 ही विकेट लिए लेकिन जब सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब उन्होंने अपने बल्ले से कमाल दिखाकर भारत को चैंपियन बना दिया.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More