आर्यवीर सहवाग ने ठोके सबसे ज्यादा रन, U-19 एशिया कप के इतिहास में बनाया नया रिकॉर्ड
पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में आर्यवीर सहवाग ने भारतीय टीम को अच्छी शुरुआत दिलाते हुए अर्धशतक जमाया. अपनी इस पारी के दौरान ही उन्होंने सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड बनाया.
वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने जब से भारत की अंडर-19 टीम में जगह बनाई है, तब से ही हर कोई उनकी काबिलियत देखने को उत्सुक था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज में आर्यवीर ने अपनी बैटिंग की कुछ झलक भी दिखाई थी. मगर वो कितने काबिल बल्लेबाज हैं, इसका असली नजारा उन्होंने अंडर-19 एशिया कप 2026 में पेश किया. विस्फोटक बल्लेबाज पिता के इस दमदार बेटे ने अंडर-19 एशिया कप में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रच दिया.
फाइनल में अर्धशतक और रिकॉर्ड
ओमान में आयोजित अंडर-19 एशिया कप 2026 में आर्यवीर सहवाग से काफी उम्मीदें थीं और उन्होंने निराश नहीं किया. अपने पिता की तरह ओपनिंग की जिम्मेदारी संभालने वाले आर्यवीर ने टूर्नामेंट के लगभग हर मैच में जबरदस्त बैटिंग की. खास तौर पर पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में तो इस युवा बल्लेबाज ने एक जोरदार अर्धशतक जमाकर टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत दिलाई थी. इसी दौरान उन्होंने सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड भी बनाया.
शनिवार 14 नवंबर को खेले गए फाइनल में आर्यवीर ने 58 रन की दमदार पारी खेली और इसके साथ ही अंडर-19 एशिया कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. आर्यवीर ने इस एशिया कप में 5 पारियों में ही 361 रन बनाए, जो एक नया रिकॉर्ड है. उन्होंने इस दौरान 1 शतक और 3 अर्धशतक जमाए. यानि 5 में से 4 पारियों में वो 50 के पार के पहुंचे. उनका औसत 90.25 और स्ट्राइक रेट 95.50 का रहा. अपने पिता की तरह ही आर्यवीर ने खूब बाउंड्री बटोरी. उन्होंने 38 चौके, 16 छक्के जड़े.
पाकिस्तानी बल्लेबाजों से छीना रिकॉर्ड
इससे पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के समीर मिन्हास के नाम था, जिन्होंने पिछले एशिया कप में 294 रन बनाए थे. आर्यवीर ने ये रिकॉर्ड तो सेमीफाइनल में ही तोड़ दिया था. मगर फिर पाकिस्तान के उस्मान खान ने फाइनल में शतक जमाकर आर्यवीर को पीछे छोड़ते हुए रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था. उस्मान के नाम 5 पारियों में 345 रन हो गए थे. मगर फाइनल में एक बार फिर आर्यवीर का कमाल देखने को मिला और उन्होंने उस्मान को भी पीछे छोड़कर इतिहास रच दिया.




