VIDEO: मयंक यादव ने किया ऐसा बोल्ड, दूर जाकर गिरा स्टंप, 17 गेंदों में लिए 5 विकेट

VIDEO: मयंक यादव ने किया ऐसा बोल्ड, दूर जाकर गिरा स्टंप, 17 गेंदों में लिए 5 विकेट

SMAT 2026: दिल्ली से आने वाले तेज गेंदबाज मयंक यादव ने टीम इंडिया के लिए जो कमाल दिखाया, उसे ही अपनी घरेलू टीम के लिए भी जारी रखा और टूर्नामेंट के पहले ही मैच में तहलका मचा दिया.

चोट से उबरकर टीम इंडिया में जोरदार वापसी करने वाले तेज गेंदबाज मयंक यादव का जलवा जारी है. जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ अलग-अलग टी20 सीरीज में मयंक ने अपनी तेज रफ्तार से बल्लेबाजों को परेशान किया और कई विकेट भी चटकाए. इंटरनेशनल क्रिकेट के धुरंधरों को छकाने के बाद मयंक ने सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) में भी धमाकेदार आगाज किया. दिल्ली के इस तेज गेंदबाज ने पहले ही मैच में 5 विकेट झटके और टीम को बड़ी जीत दिलाई.

इंदौर में शनिवार 14 नवंबर को एलीट ग्रुप E के पहले मैच में दिल्ली का सामना जम्मू-कश्मीर (J&K) से हुआ. इस मैच में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी की और 243 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. दिल्ली के लिए ओपनर प्रियांश आर्या ने विस्फोटक पारी खेलते हुए 29 गेंदों में 58 रन कूटे. वहीं हिम्मत सिंह ने भी 26 गेंदों में 63 रन उड़ा दिए. ऐसे में जब J&K की बारी आई तो यही लगा था कि इस सपाट पिच पर ये टीम भी तूफानी बैटिंग करेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

जवाब में जम्मू-कश्मीर ने भी तेज शुरुआत की और 4 ओवर में ही 47 रन कूट दिए. फिर 5वें ओवर में मयंक यादव पहली बार गेंदबाजी के लिए आए और यहां से कहानी बदल गई. अपने ओवर की दूसरी गेंद पर ही मयंक ने कप्तान शुभम खजूरिया को क्लीन बोल्ड कर दिया. हालत ये थी कि ऑफ स्टंप अपनी जगह से पूरी तरह उखड़ गया और 3-4 पलटियां खाते हुए करी 6-7 मीटर दूर जाकर गिरा. इसी ओवर में उन्होंने एक तेज बाउंसर पर दूसरा विकेट भी ले लिया.