Abu Dhabi T10: 29 रन पर गिरे 6 विकेट, फिर आया आंद्रे रसेल का तूफान, बल्ले के बाद गेंद से भी बरपाया कहर
Abu Dhabi T10: अबू धाबी टी10 लीग 2026 में एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए अरेबियन एसेस को एक शानदार जीत दिलाई.
Abu Dhabi T10: अबू धाबी टी10 लीग 2026 के 15वें मुकाबले में कैरेबियाई दिग्गज ऑलराउंडर आंद्रे रसेल के दमदार प्रदर्शन की बदौलत अरेबियन एसेस ने डिफेंडिंग चैंपियन यूएई बुल्स को 8 रनों के रोमांचक अंतर से हरा दिया. एक समय सिर्फ 29 रनों पर 6 विकेट गंवाकर हार की कगार पर खड़ी अरेबियन एसेस को रसेल ने पहले 18 गेंदों में 46 रनों की तूफानी पारी खेलकर संभाला और फिर गेंदबाजी में सिर्फ 12 रन देकर 3 अहम विकेट चटकाते हुए टीम को पांच मैचों में तीसरी जीत दिलाई. इस जीत के साथ अरेबियन एसेस की टीम 6 पॉइंट्स के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है.
आंद्रे रसेल ने पलटा पूरा मैच
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी अरेबियन एसेस की शुरुआत काफी खराब रही और 5.3 ओवर तक टीम का स्कोर 6 के नुकसान पर 29 रन हो गया. पारी की पहली ही गेंद पर मुहम्मद रोहिद ने टॉम कोहलर-कैडमोर को बोल्ड किया. फिर दूसरे ओवर में मोहम्मद आमिर ने लगातार दो गेंदों पर पॉल वाल्टर और अलीशान शराफू को पवेलियन भेजा. वहीं, ताहिर जमान ने लियाम लिविंगस्टन और सैम बिलिंग्स को आउट किया, कप्तान मोईन अली रोमारियो शेफर्ड का शिकार बने.
संकट के समय आंद्रे रसेल और ड्वेन प्रिटोरियस ने सिर्फ 24 गेंदों में 60 रनों की विस्फोटक साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया. रसेल ने 18 गेंदों में 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 46 रन कूटे, जिससे टीम 10 ओवर में 92 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी.
गेंदबाजी में भी चमके आंद्रे रसेल
93 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी यूएई बुल्स की टीम भी अरेबियन एसेस के गेंदबाजों के सामने दबाव में बिखर गई और 37 रन तक 4 विकेट गंवा बैठी. गेंद से भी कमाल दिखाते हुए रसेल ने एन्यूरिन डोनाल्ड, आक्रामक बल्लेबाजी कर रहे कीरोन पोलार्ड और सुनील नरेन को आउट कर बुल्स की कमर तोड़ दी. जिसके चलते उनकी टीम ने यूएई बुल्स को 10 ओवर में 84 पर रोक दिया. इससे पहले दिन के बाकी मुकाबलों में यूनाइटेड टाइगर्स ने एमिरेट्स ईगल्स को 24 रनों से हराया, वहीं रॉयल डेजर्ट चैंपियंस ने यास लायंस पर 39 रनों की एकतरफा जीत दर्ज की.




