Bhargavi Murder Case: चाकू के 7 गहरे घाव और खून से लथपथ लाश, एक्ट्रेस भार्गवी की कामयाबी कैसे बनी उनके कत्ल की वजह?

Bhargavi Murder Case: चाकू के 7 गहरे घाव और खून से लथपथ लाश, एक्ट्रेस भार्गवी की कामयाबी कैसे बनी उनके कत्ल की वजह?

Telugu Actress Bhargavi Murder Case: साल 2008 में तेलुगु फिल्म 'अष्ट चम्मा' से रातों-रात स्टार बनीं 25 साल की एक्ट्रेस भार्गवी की उनके हैदराबाद फ्लैट में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. उनके शरीर पर चाकू के 7 गहरे निशान थे. कातिल उनके कथित पार्टनर प्रवीण कुमार थे, जिन्होंने हत्या के बाद खुद भी सायनाइड खा लिया था.

Telugu Actress Bhargavi Murder Case: ग्लैमर, शोहरत, और बंद दरवाजों के पीछे छिपे खौफनाक राज अक्सर हमारे सामने नहीं आए. लेकिन एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की चकाचौंध अक्सर जितनी सुनहरी दिखती है, इसके पीछे छिपा सच उतना ही डरावना होता है. साल 2008 में साउथ सिनेमा से एक ऐसी ही सनसनीखेज खबर सामने आई, जिसने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है. भार्गवी नाम की महज 25 साल की एक उभरती हुई खूबसूरत एक्ट्रेस अचानक अपने ही बेडरूम में खून से लथपथ पाई गई. उसके जिस्म पर चाकू के 7 गहरे जख्म थे. भार्गवी के पास उस वक्त 10 फिल्मों के ऑफर्स थे.

जी हां, ये खौफनाक दास्तान है तेलुगु एक्ट्रेस भार्गवी की. लेकिन इस मर्डर मिस्ट्री का सबसे हैरान करने वाला पहलू ये था कि कातिल कोई अनजान शख्स नहीं, बल्कि वही इंसान था, जिसने कभी भार्गवी को पहला ब्रेक दिया था. आइए जानते हैं कैसे एक मासूम लड़की की कामयाबी ही उसकी मौत का सबसे बड़ा कारण बन गई.

Bharavi Actress 1280 720

अर्श से फर्श और फिर सीधे ‘स्टारडम’ का सफर

मूल रूप से आंध्र प्रदेश के गुंटूर की रहने वाली भार्गवी बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखती थीं. लेकिन उनके सपने बड़े थे और आंखों में कुछ कर गुजरने की चमक उन्हें बाकियों से अलग बनाती थी. भार्गवी ने अपने करियर की शुरुआत नेल्लोर जिले में प्रवीण कुमार उर्फ बुज्जी के ‘साईं बाबा ऑर्केस्ट्रा’ में एक स्टेज सिंगर और डांसर के रूप में की थी. प्रवीण ही वो शख्स था, जिसने भार्गवी के हुनर को पहचाना और उन्हें शुरुआती मौके दिए.

धीरे-धीरे भार्गवी का टैलेंट रंग लाया. ऑर्केस्ट्रा से निकलकर वो टीवी एंकर बनीं और फिर सुपरहिट सीरियल अम्माम्मा.कॉम से घर-घर में पहचानी जाने लगीं. लेकिन उनकी किस्मत का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट आना अभी बाकी था. साल 2008 में रिलीज हुई तेलुगु ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘अष्ट चम्मा’ में उन्हें सेकेंड लीड रोल मिला. फिल्म सुपरहिट रही और रातों-रात भार्गवी टॉलीवुड की नई सेंसेशन बन गईं. सफलता इतनी मिली कि उस वक्त वो ‘हॉलिडेज’ नाम की फिल्म की शूटिंग कर रही थीं और करीब 10 और फिल्में उनकी झोली में थीं.

Bhargavi Actress 1280 720 Pic

कैसे हुई भार्गवी की मौत?

16 दिसंबर 2008 की सुबह हैदराबाद के पॉश इलाके बंजारा हिल्स स्थित भार्गवी के फ्लैट पर ‘हॉलिडेज’ फिल्म के प्रोड्यूसर और क्रू मेंबर्स पहुंचे. उस दिन फिल्म की शूटिंग होनी थी, लेकिन सुबह से भार्गवी का फोन नहीं मिल रहा था. जब फ्लैट का दरवाजा खटखटाया गया, तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई. जब पुलिस की मदद से दरवाजा खोला गया, तब अंदर का नजारा देखकर हर किसी की रूह कांप गई.

बिस्तर पर खून से पूरी तरह लथपथ भार्गवी की लाश पड़ी थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, उनके दिल, गर्दन और सीने पर चाकू से 7 बार बेरहमी से वार किया गया था. वहीं भार्गवी के शव के पास ही उनके पूर्व मेंटर और लिव-इन पार्टनर प्रवीण कुमार उर्फ बुज्जी की भी लाश पड़ी थी. प्रवीण का सिर भार्गवी की गोद में था.

पुलिस को मिला सुसाइड नोट

तफ्तीश के दौरान पुलिस को वहां एक सुसाइड नोट मिला, जिसे प्रवीण ने लिखा था. इसके साथ ही कमरे से एक खंजर और सायनाइड की खाली बोतल बरामद हुई. इस सुसाइड नोट ने उस खौफनाक सच से पर्दा उठाया, जिसने इस हंसती-खेलती जिंदगी को तबाह कर दिया था. दरअसल, प्रवीण पहले से दो बार शादीशुदा था और उम्र में भार्गवी से काफी बड़ा था। सुसाइड नोट में प्रवीण ने दावा किया कि उसने और भार्गवी ने 2006 में नेल्लोर के एक होटल में गुपचुप शादी कर ली थी (हालांकि भार्गवी के माता-पिता ने हमेशा इस शादी से इनकार किया). प्रवीण का कहना था कि जब तक भार्गवी स्ट्रगल कर रही थी, सब कुछ ठीक था. लेकिन जैसे ही ‘अष्ट चम्मा’ हिट हुई और भार्गवी को बड़े बैनर्स की फिल्में मिलने लगीं, उसने प्रवीण से दूरी बनानी शुरू कर दी.

Bhargavi Actress 1280 720 Nw Pic

कत्ल की असल वजह

  • इनसिक्योरिटी और जलन: भार्गवी को मिल रही लगातार कामयाबी को प्रवीण बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था. उसे डर था कि स्टार बनने के बाद भार्गवी उसे छोड़ देगी.
  • पारिवारिक दखल: प्रवीण ने नोट में आरोप लगाया कि भार्गवी की मां उनके मिलने के खिलाफ थीं और उन्होंने दोनों को अलग कर दिया था.
  • इग्नोर किए जाने का गुस्सा: प्रवीण का मानना था कि बड़ी एक्ट्रेस बनने के बाद भार्गवी उसे नजरअंदाज करने लगी थी, जिससे उसका ईगो हर्ट हुआ.

झगड़े के बाद किया खून

दरअसल उस रात भार्गवी के फ्लैट पर उसकी मां मौजूद नहीं थीं, वो किसी काम से गुंटूर गई हुई थीं. इसी बात का फायदा उठाकर प्रवीण वहां पहुंचा. दोनों के बीच भार्गवी के करियर और उनके रिश्ते को लेकर जबरदस्त बहस हुई. पुलिस के मुताबिक, बहस इतनी बढ़ी कि प्रवीण ने गुस्से में आकर रसोई के चाकू से भार्गवी पर एक के बाद एक 7 जानलेवा वार कर दिए. भार्गवी को संभलने तक का मौका नहीं मिला और तड़प-तड़प कर उनकी मौत हो गई.

भार्गवी को मौत के घाट उतारने के बाद, प्रवीण ने कोल्ड ड्रिंक में सायनाइड मिलाकर पी लिया और खुदकुशी कर ली, मरने से पहले उसने अपना सिर उसी लड़की की गोद में रखा, जिसकी जिंदगी उसने चंद मिनट पहले अपने हाथों से खत्म की थी. पुलिस ने इस मामले को ‘मर्डर एंड सुसाइड’ के रूप में बंद कर दिया, क्योंकि मुख्य आरोपी खुद मर चुका था.

भार्गवी की कहानी आज भी इस बात की गवाह है कि कभी-कभी किसी की बेपनाह कामयाबी ही उसके सबसे करीबी इंसान के भीतर छिपे ‘हैवान’ को जगा देती है. एक उड़ने को तैयार बैठी चिड़िया के पंख उस सनकी आशिक ने हमेशा के लिए काट दिए, जिसने खुद कभी उसे उड़ना सिखाया था.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More