आंधी में टूट गए दिल्ली एयरपोर्ट पर खड़े 3 विमान, उड़ानों पर भी मौसम का असर
राजधानी दिल्ली में कल तेज आंधी-बारिश से IGI एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे उड़ानें बाधित हुईं. तेज आंधी में ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट खड़े विमान से टकरा गया और विमानों को नुकसान हुआ. वहीं इस संबंध में एयर इंडिया की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है.
राजधानी दिल्ली में रविवार को आई तेज आंधी और बारिश में आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 पर खड़े एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए. घटना के बाद तीनों विमानों को तत्काल सेवा से हटा दिया गया और उनकी तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है. वहीं कई उड़ानों के संचालन में भी बाधा आई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के अधिकारियों के अनुसार, तेज आंधी और बारिश के कारण एयरपोर्ट पर रखा ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट अपनी निर्धारित जगह से खिसक गया और एयर इंडिया के विमानों से टकरा गया. इस टक्कर से तीनों नैरो-बॉडी विमानों को नुकसान पहुंचा. अधिकारियों ने बताया कि यह घटना रविवार शाम करीब 4 बजकर 40 मिनट पर हुई.
तेज आंधी से फ्लाइट शेड्यूल भी हुआ प्रभावित
एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि खराब मौसम के चलते विमानों और एयरपोर्ट संचालन पर प्रभाव पड़ा. तेज हवाओं और बारिश के कारण कई उड़ानों के संचालन में भी बाधा आई, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते उड़ानों के शेड्यूल प्रभावित हुए और कुछ फ्लाइटों के निर्धारित समय में भी देरी हुई.
नहीं दिया गया था कोई अलर्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एक अधिकारी ने दावा किया कि मौसम के अचानक खराब होने से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से एयरपोर्ट ऑपरेटर या एयरलाइंस को किसी विशेष मौसम चेतावनी की जानकारी नहीं दी गई थी. ऐसे में मौसम की तीव्रता का अनुमान नहीं लगाया जा सका और यह घटना हुई.
वहीं एयर इंडिया की ओर से इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया गया है. वहीं बताया जाता है कि खराब मौसम का असर अन्य एयरलाइंस के विमानों पर भी पड़ा है. एयर इंडिया के क्षतिग्रस्त तीनों विमानों को जांच और मरम्मत के लिए रोका गया है.
इनमें से दो विमानों को जल्द ही मरम्मत के बाद फिर से सेवा में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है. जांच में यह पता लगाया जाएगा कि सुरक्षा प्रबंधन और मौसम संबंधी तैयारियों में कहीं कोई कमी तो नहीं रही, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
ये भी पढ़ें – UP-बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट… कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?



