भारत की सबसे लंबी सुरंग T-50 से गुजरी वंदे भारत, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया सफर

भारत की सबसे लंबी सुरंग T-50 से गुजरी वंदे भारत, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया सफर

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प के कारण कश्मीर को रेल मार्ग के जरिए देश के शेष हिस्सों से जोड़ने का सपना साकार हो पाया है. उन्होंने कहा कि देश का दशकों से जम्मू-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लाइन का सपना था.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में कटरा और श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई. यह कश्मीर घाटी और जम्मू क्षेत्र के बीच पहली सीधी रेल सेवा है. जो भारत की सबसे लंबी सुरंग से होकर गुजरेगी. वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वो वंदे भारत ट्रेन में सफर करते नजर आ रहे हैं जो टी-50 सुरंग से गुजरती नजर आ रही है. इस वीडियो के साथ उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि टी-50 (जम्मू-कश्मीर) भारत की सबसे लंबी परिवहन सुरंग है.

बता दें कि टी-50 भारत की सबसे लंबी परिवहन सुरंग है. खारी और सुंबर के बीच स्थित यह सुरंग 12.77 किमी लंबी है. इसके अलावा रेल लिंक में भारत की दूसरी सबसे लंबी परिवहन सुरंग, टी-80 (11.22 किमी) है. बनिहाल और काजीगुंड के बीच स्थित इसे पीर पंजाल रेलवे सुरंग के रूप में जाना जाता है.