‘गलत तरीके से छूने की कोशिश…’, विजय वर्मा भी हुए कास्टिंग काउच का शिकार? खुद बताया
अभिनेता विजय वर्मा आज हिंदी सिनेमा का जाना-माना नाम हैं, लेकिन उन्होंने भी काफी स्ट्रगल किया है. अब एक्टर ने हाल ही में मॉडलिंग के शुरुआती दिनों में उनके साथ हुए एक बेहद खराब एक्सपीरियंस का खुलासा किया है.
विजय वर्मा को उनके दमदार अभिनय के लिए जाना जाता है. गली बॉय से लेकर दहाड़ा और डार्लिंग्स तक उन्होंने अपना हर रोल जबरदस्त तरीके से निभाया है. हालांकि फिल्म इंडस्ट्री तक पहुंचना और सफल होने तक का सफर उनके लिए आसान नहीं रहा है. हाल ही में उन्होंने अपने संघर्ष के शुरुआती दिनों के बारे में बात की है. इसी के साथ अपने साथ हुई कास्टिंग काउच की एक घटना का जिक्र भी किया है.
कास्टिंग काउच को लेकर कई बड़े कलाकार खुलासा कर चुके हैं. अब विजय वर्मा ने इस पर बात की है और बताया कि कैसे एक कोऑर्डिनेटर ने उन्हें असहज महसूस करवाया था. इसी के साथ अभिनेता ने स्ट्रगल के दिनों में अपने एडमिशन में आई परेशानियों का भी जिक्र किया है.
गलत तरह से छूने की कोशिश
एक इंटरव्यू के दौरान विजय वर्मा ने अपने शुरुआती दिनों को याद किया जब वो मॉडलिंग में हाथ आजमा रहे थे. उन्होंने कहा, “मैंने हैदराबाद में मॉडलिंग करने की कोशिश की थी, बस छोटे-मोटे शुरुआती लेवल का काम, लेकिन मेरी मुलाकात एक अजीब मॉडल कोऑर्डिनेटर से हुई. उसने मेरे साथ थोड़ी बदतमीजी शुरू कर दी. जैसे मुझे गलत तरह से छूने की कोशिश करना.”
अभिनेता ने आगे बताया, “मैंने कहा, ‘भाई ये क्या है? आप क्या कर रहे हैं…और मैं तुरंत ही हताश हो गया.” उन्होंने बताया कि इससे उनका मनोबल टूट गया. उन्होंने कहा,”क्योंकि जब आप नए होते हैं तो बहुत जल्दी निराश हो जाता हैं. फिर मैंने सोचा कि अगर मुझे एक्टिंग करनी है इसका डटकर सामना करना चाहिए.”
जब थिएटर स्कूल में नहीं मिला दाखिला
विजय वर्मा ने ये भी बताया कि पहले एक्सपीरियंस से निराश होकर उन्होंने अभिनय करना का फैसला किया, लेकिन यहां का रास्ता भी चुनौतियों से भरा रहा, क्योंकि हैदराबाद के एक थिएटर स्कूल ने उन्हें शुरू में एडमिशन देने से मना कर दिया था, क्योंकि उनका कहना था कि इसके (अभिनय सीखने) लिए प्रतिबद्धता और समर्पण की जरूरत होती है. यह ऐसा काम नहीं है जिसे आप दो दिन करके छोड़ दें.’ ऐसे में विजय वर्मा ने कहा कि मुझे लगा उन्होंने पहला मौका भी नहीं दिया.
विजय वर्मा ने इसके बाद प्रतिष्ठित फिल्म और टेलिविजन संस्थान (एफटीआईआई) में आवेदन किया, लेकिन यहां भी उन्हें रिजेक्शन ही मिला, हालांकि दूसरे अटेम्प्ट में उन्हें एडमिशन मिल गया. इसके बाद उन्होंने जयदीप अहलावत और राजकुमार राव जैसे एक्टर्स के साथ अभिनय के गुर सीखे.
विजय वर्मा का वर्क फ्रंट
वर्क फ्रंट की बात करें तो विजय वर्मा को आखिरी बार फिल्म गुस्ताख इश्क में देखा गया, जिसका निर्देशन विभु पुरी ने किया है. फिल्म में फातिमा सना शेख, नसीरुद्दीन शाह और शारिब हाशमी भी मुख्य भूमिकाओं में थे. फिल्म को मनीष मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया. ये निर्माता के रूप में उनका डेब्यू था. इसके अलावा विजय वर्मा हाल ही में वेब सीरीज ‘मटका किंग’ में नजर आए हैं.
ये भी पढ़ें: प्रियंका चोपड़ा की मैरी कॉम से फातिमा ज़हरा को मिली प्रेरणा, बनीं पाकिस्तान की पहली महिला मुक्केबाज




