Toxic OTT Deal: 150 करोड़ से 30 करोड़ पर आई ‘टॉक्सिक’! ओटीटी से लगा यश को बड़ा झटका
कन्नड़ सिनेमा के पैन इंडिया स्टार यश की फिल्म टॉक्सिक बुरी तरह पिट गई है. फिल्म को ओटीटी डील से पहले 150 करोड़ मिल रहे थे, पर मेकर्स ने ऑफर ठुकरा दिया था. अब रकम 30 करोड़ पर पहुंच गई है.
Toxic OTT Deal Price: इस साल की सबसे बड़ डिजास्टर फिल्मों की लिस्ट जब बनेगी, तो उसमें सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ पहले नंबर पर काबिज होने में कामयाब रहेगी. रिलीज़ से पहले मेकर्स ने इस फिल्म का खूब प्रमोशन किया था. बज भी तगड़ा था, लेकिन जब ये सिनेमाघरों में आई तो वक्त और हालात दोनों बदल गए थे. पहले दिन 101 करोड़ का बिज़नेस करने वाली ये फिल्म 9 दिनों के एक्टेंडेट वीक में 239 करोड़ ही कमा सकी थी. अब ओटीटी डील में भी फिल्म को बड़ा झटका मिलता दिखाई पड़ रहा है.
बॉलीवुड हंगामा ने अपनी एक खबर में बताया है कि रिलीज़ से पहले ‘टॉक्सिक‘ की टीम के पास फिल्म की ओटीटी डील के लिए 150 करोड़ रुपये का ऑफर था. पर मेकर्स ने उसे ठुकरा दिया था. अब हालात ये हो गए हैं ओटीटी डील के लिए प्लैटफॉर्म्स 30 करोड़ से ऊपर जाने को तैयार नज़र नहीं आ रहे हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि मेकर्स को इस फिल्म से करीब 300 करोड़ का नुकसान हो सकता है. अगर नुकसान का आंकड़ा यहां तक पहुंचता है तो ये फिल्म सबसे ज्यादा घाटा झेसने वाली भारतीय पिक्चर बन जाएगी.
अभी तक नहीं बिके ओटीटी राइट्स!
रिपोर्ट में बताया गया है कि ‘टॉक्सिक‘ के ओटीटी राइट्स अभी तक बिके नहीं हैं. एक सोर्स ने बताया, “एक बड़े प्लैटफॉर्म की तरफ से टॉक्सिक की टीम को 150 करोड़ रुपये का ऑफर था, पर टीम की ओर से बहुत ज्यादा डिमांड की गई थी. 200 करोड़ रुपये से भी ज्यादा. यश को पूरी उम्मीद थी कि फिल्म थिएटर में ब्लॉकबस्टर होगी और इसके बाद ओटीटी पर फिल्म की कीमत 200 करोड़ रुपये से ऊपर हो जाएगी. पर नतीजा तो उल्टा निकला. पर अब डिजिटल प्लेयर्स फिल्म की सभी भाषाओं के वर्जन के लिए करीब 30 करोड़ रुपये ऑफर कर रहे हैं. इसमें सबसे बड़ा ऑफर जी5 की ओर से मिला है.”
सैटेलाइट राइट्स से नहीं होगी रिकवरी?
फिल्म के ज्यादातर हिस्से की स्टोरीटेलिंग एडल्ट फॉरमेट में की गई है. ऐसे में टीवी चैनल से इसकी रिकवरी होना मुश्किल है. सोर्स ने आगे बताया, “मेकर्स इसके डिजिटल वर्जन को पूरी तरह से एडिट कर रहे हैं. इससे उन्हें उम्मीद है, जो अमाउंट अभी ऑफर किया जा रहा है, न्यू एडिट से वो थोड़ा और बढ़ जाएगा. घाटे को कैसे कम किया जाए, इसके लिए रास्ता निकालने को लेकर बातचीत जारी है. इनमें से एक रास्ता तो ये है कि ओटीटी के लिए नया कट जारी किया जाए.”
टॉक्सिक ने कितने कमाए?
टॉक्सिक 26 अगस्त को सिनेमाघरों में आई थी. गीतू मोहनदास की इस फिल्म में यश के अलावा कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया, नयनतारा, रुक्मिणी वसंत और हुमा कुरैशी जैसी एक्ट्रेसेस नज़र आई थीं. फिल्म ने 11 दिनों में वर्ल्डवाइड 334.50 करोड़ रुपये (ग्रॉस) बिज़नेस किया है. बताया जा रहा है कि इसका बजट 500 से 600 करोड़ रुपये है.




