मुझे कमर्शियल स्टार बना दिया… कर्मा के 40 साल पूरे होने पर बोले अनुपम खेर, डॉक्टर डैंग बन फैलाई थी दहशत
अनुपम खेर ने कर्मा के 40 साल पूरे होने की खुशी में रिएक्ट किया है. कर्मा 1986 की सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म भी साबित हुई थी. फिल्म में दिलीप कुमार का लीड था वहीं अनुपम खेर विलेन की भूमिका में थे.
बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने अपने करियर में 550 से ज्यादा फिल्में की हैं. शायद ही कोई ऐसा साल रहा होगा जब उनकी फिल्में ना आई होंगी. उन्होंने पैरेलल सिनेमा में भी काम किया साथ ही वे कमर्शियल सिनेमा में भी अपने अभिनय से सभी को इंप्रेस करते नजर आए. अब एक्टर ने कर्मा फिल्म के 40 साल पूरे होने पर रिएक्ट किया है. उन्होंने इस दौरान बताया है कि वे कर्मा फिल्म को अपने करियर की पहली कमर्शियल मूवी मानते हैं.
एक्टर ने फिल्म से जुड़े इंसिडेंट शेयर किए. साथ ही उन्होंने इस दौरान डॉक्टर डैंग के कैरेक्टर के बारे में भी बात की है. उन्होंने बताया है कि आखिर कैसे इस फिल्म ने उन्हें कमर्शियल स्टार बना दिया था और वे कमर्शियल फिल्मों की भी पसंद हो गए थे.
अनुपम खेर ने क्या कहा?
अनुपम खेर ने कर्मा फिल्म के बारे में बात करते हुए वीडियो शेयर किया और कहा- कर्मा के 40 साल हो गए हैं. 40 साल पहले कर्मा आई थी. ये एक ब्लॉकबस्टर फिल्म थी. क्या फिल्म थी. क्या यादे हैं. ये मेरे जीवन का बड़ा टर्निंग प्वाइंट थी. सारांश ने मुझे एक्टर के तौर पर एस्टेबलिश किया. वहीं सुभाष घई की कर्मा ने मुझे कमर्शियल स्टार बना दिया. अचानक से मैं मेन स्ट्रीम सिनेमा के लॉर्जर देन लाइफ वर्ल्ड का हिस्सा बना था और मैंने इस फिल्म की शूटिंग के हर एक पल को महसूस किया.
ये भी पढ़ें- Toxic Trailer Reaction: ये तो ज्यादा ही टॉक्सिक हो गया ट्रेलर देख हैरान हुए फैंस, यश के बारे में क्या कहा?
दिलीप कुमार संग काम करना सबसे बड़ा अवार्ड
लेकिन कर्मा के जरिए जो मुझे सबसे बड़ा गिफ्ट मिला वो था लेजेंडरी एक्टर दिलीप कुमार के साथ काम करने का. उनके साथ स्क्रीन शेयर करना, उन्हें इतने करीब से परफॉर्म करते देखना, उनकी खामोशियों से सीखना, उनकी मौजूदगी को महसूस करना ये मेरे लिए एक रियल अवार्ड था. डॉक्टर डैंग के रोल के लिए मुझपर भरोसा जताने के लिए सुभाष घई का शुक्रिया. साथ ही मुझे एक ऐसा अवसर देने के लिए भी शुक्रिया जिसने मेरा करियर बदल दिया. ‘इस थप्पड़ की गूँज सुनी तुमने, डॉ. डैंग’? कुछ फिल्में आपको सक्सेस देती हैं. कुछ आपको यादें देती हैं. कर्मा ने मुझे हमेशा के लिए दोनों दिया. कर्मा की पूरी टीम को 40 साल की बधाई. जय हो.
कर्मा की बात करें तो ये फिल्म साल 1986 में आई थी और सुभाष घई ने इसका निर्देशन किया था. फिल्म में अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ और नसीरुद्दीन शाह भी अहम रोल में थे. फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी और उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मूवी बनी थी. वहीं ये फिल्म दिलीप कुमार के करियर की आखिरी फिल्मों में से एक रही थी.




