करवा चौथ पर ऐसा क्या हुआ? पति ने कैंची से पत्नी पर किए 150 से भी ज्यादा वार, हालत गंभीर
Husband Attack Wife With Scissors: आरा में करवा चौथ पर पति ने पत्नी पर कैंची से 150 वार किए. 3 घंटे ऑपरेशन के बाद बची जान. महिला के परिजनों का आरोप- शादी के बाद से पत्नी को को परेशान करता आ रहा है.
Arah News: करवा चौथ के दिन बिहार के आरा से दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां मोबाइल और पैसों के लेन-देन के विवाद में एक पति ने अपनी पत्नी पर कैंची से ताबड़तोड़ 150 से अधिक वार कर दिए. 3 घंटे चले जटिल ऑपरेशन और 150 टांकों के बाद डॉक्टरों ने महिला की जान बचाई. जानकारी के मुताबिक, बड़ी मठिया मोहल्ले में किराए के मकान में रह रही राखी कुमारी (26) पर उसके पति पंकज कुमार ठाकुर ने जानलेवा हमला कर दिया.
अस्पताल में भर्ती पीड़िता राखी के मुताबिक, फोन-पे (PhonePe) अकाउंट में रखे करीब 1.5 लाख रुपये को लेकर पति ने पैसों की हेर-फेर का झूठा आरोप लगाया. जब उसने ससुर से मैसेज चेक करवाने की बात कही, तो पति आक्रोशित हो गया. गुस्से में आए पति ने टेलरिंग में इस्तेमाल होने वाली धारदार कैंची से राखी के चेहरे, गर्दन, पीठ और हाथों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
इलाज कर रहे सर्जन डॉ. विकास सिंह ने बताया कि महिला के शरीर पर 150 से ज्यादा गंभीर जख्म थे. 3 घंटे के लंबे ऑपरेशन के बाद डैमेज टिशूज को रिपेयर कर लगभग 150 टांके लगाए गए हैं. पीड़िता को 72 घंटे के ऑब्जर्वेशन में रखा गया है.
ये भी पढ़ें: करवा चौथ पर पति को गच्चा देकर प्रेमी के पास पहुंची विवाहिता, रंगेहाथों पकड़ी गई तो जेठानी ने कर दी कुटाई, Video
नशे का आदी है आरोपी; पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार
पीड़िता के पिता मनोज ठाकुर ने बताया कि 2019 में शादी के बाद से ही आरोपी पति नशे की हालत में मारपीट करता आ रहा है. पहले भी कई बार सामाजिक पंचायतें हुईं. टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय ने बताया कि पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पति पंकज कुमार ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस वारदात में इस्तेमाल कैंची की बरामदगी और मामले की तफ्तीश में जुटी है.




