कुछ ही महीनों में टूट गई रैपर बादशाह और ईशा रिखी की शादी, तलाक का किया ऐलान

कुछ ही महीनों में टूट गई रैपर बादशाह और ईशा रिखी की शादी, तलाक का किया ऐलान

मशहूर रैपर बादशाह और एक्ट्रेस-मॉडल ईशा रिखी ने शादी के कुछ ही महीनों बाद तलाक की घोषणा कर दी है. दोनों ने सोशल मीडिया पर जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर अलग होने की जानकारी दी है.

Badshah And Isha Rikhi: मशहूर रैपर और म्यूजिक कंपोजर बादशाह की पर्सनल लाइफ को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है. बादशाह और उनकी दूसरी पत्नी एक्ट्रेस-मॉडल ईशा रिखी ने शादी के कुछ ही महीनों बाद अपनी राहें हमेशा के लिए अलग कर ली हैं. पिछले कई हफ्तों से दोनों के रिश्ते में अनबन और खटास की खबरें आ रही थीं, जिसपर अब दोनों ने आधिकारिक मुहर लगा दी है. सोमवार को दोनों ने सोशल मीडिया पर एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी करते हुए अपने तलाक की घोषणा की.

इंस्टाग्राम पर जारी किए गए बयान में दोनों ने साफ किया कि ये फैसला किसी जल्दबाजी में नहीं बल्कि आपसी सहमति और सम्मान के साथ लिया गया है. स्टेटमेंट में लिखा गया, “मैंने और ईशा रिखी ने आपसी सहमति से अपनी राहें अलग करने और जिंदगी में आगे बढ़ने का फैसला किया है. ये फैसला आपसी सूझबूझ और सम्मान के साथ लिया गया है. हम इस मुश्किल समय में आप सभी से हमारी प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील करते हैं. इस पूरे मामले पर ये हमारा इकलौता और आखिरी बयान होगा. हम दिल से गुजारिश करते हैं कि हमारे रिश्ते को लेकर कोई भी मनगढ़ंत बातें या अटकलें न लगाई जाएं.”

ईशा के दर्द भरे पोस्ट ने पहले ही दिया था संकेत

ये बयान भले ही दोनों की आपसी सहमति से जारी किया हुआ दिख रहा है, लेकिन दोनों के रिश्ते में दरार काफी पहले ही आ चुकी थी. कुछ समय पहले ईशा रिखी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया था, जिसने हर किसी को चौंका दिया था. ईशा ने पोस्ट में लिखा था, “कुछ ऐसी लड़ाइयां होती हैं, जो शरीर पर कोई निशान नहीं छोड़तीं. लंबे समय तक मैं इसलिए खामोश रही क्योंकि मैं डरी हुई थी. मुझे लगता था कि मेरे पति के पास बहुत प्रभाव, ताकत और साधन हैं, इसलिए चुप रहना ही सबसे सुरक्षित रास्ता है. लेकिन मेरी खामोशी कभी रजामंदी नहीं थी, वो सिर्फ जिंदा रहने की कोशिश थी. आज मैं डर के बजाय हिम्मत चुन रही हूं. शायद मैं पूरी कहानी सुनाने के लिए अभी तैयार नहीं हूं, लेकिन अब मैं ये दिखावा करने के मूड में बिल्कुल नहीं हूं कि सब कुछ ठीक है.”

Badshah Statement

बादशाह का बयान

मार्च में हुआ था शादी का खुलासा

गौरतलब है कि बादशाह और ईशा रिखी के रिश्ते का सच इसी साल मार्च में सबके सामने आया था, जब ईशा की मां पूनम रिखी ने शादी की अनदेखी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिए थे. इसके बाद बादशाह ने भी ईशा के साथ बिना चेहरा दिखाए एक तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा था कि कायनात लोगों को मिलाने का अनोखा तरीका ढूंढ लेती है. लेकिन यह रिश्ता साल भर भी नहीं टिक सका और सिर्फ 5 महीने में दोनों एक दूसरे से अलग हो गए.

ये भी पढ़ें-

Race 4 Update: आमिर खान नहीं हैं रेस 4 फिल्म का हिस्सा? प्रोड्यूसर रमेश तौरानी ने जारी किया ऑफिशिलय स्टेटमेंट

साउथ की इस फिल्म की बात कोई नहीं कर रहा! भारत से ज्यादा विदेश में कमाए, 10 दिन में कलेक्शन पहुंचा 200 करोड़ के करीब

ईशा रिखी, बादशाह की दूसरी पत्नी थीं. इससे पहले बादशाह ने जैस्मीन मसीह से शादी की थी, जिनसे 2020 में उनका तलाक हो गया था. पहली शादी से उनकी एक बेटी जेसमी ग्रेस मसीह सिंह भी है. अब शादी के कुछ ही महीनों के भीतर दूसरी बार तलाक की खबर ने फैंस को हैरान कर दिया है.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More