ओम शांति ओम के लिए बनाया गया था मसकली गाना! फराह खान ने किया बड़ा खुलासा
फराह खान ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि ओम शांति ओम के लिए एआर रहमान ने मसकली गाना बनाया था. हालांकि, बाद में फिल्म का म्यूजिक विशाल-शेखर ने तैयार किया.
साल 2007 में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म ओम शांति ओम बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा फिल्मों में से एक है. फिल्म के गाने आज भी लोगों के बीच काफी पॉपुलर हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसमें दिल्ली 6 फिल्म का एक पॉपुलर गाना होने वाला था. जी हां, इसका खुलासा खुद फिल्म की डायरेक्टर फराह खान ने किया है.
फराह खान ने अपने लेटेस्ट यूट्यूब चैनल के लेटेस्ट एपिसोड में इस बार म्यूजिक कंपोजर और सिंगर विशाल ददलानी के फार्म हाउस पर उनसे मुलाकात की. जहां उन्होंने अपने पुराने रिश्ते के बारे में बातचीत की. फराह ने बताया कि वो ओम शांति ओम के लिए सबसे पहले दिग्गज म्यूजिक डायरेक्टर एआर रहमान के पास गईं थीं और उन्होंने फिल्म के लिए मसकली गाना बनाया था. लेकिन बाद में फिल्म के म्यूजिक को विशाल ददलानी और शेखर रवजियानी की जोड़ी ने संभाला. एआर रहमान ने फिल्म के लिए मसकली गाना बनाया था जो बाद में म्यूजिक डायरेक्टर बदलने की वजह से उस फिल्म का हिस्सा नहीं बन सका था.
मुझे वो गाना बहुत पसंद है…
फराह ने कहा- रहमान ने ओम शांति ओम के लिए जो पहला गाना बनाया था, वो था मसकली! मुझे नहीं पता मैं इसे कहां रखती, लेकिन मुझे वह गाना और वह शब्द दोनों बहुत पसंद हैं.’ फराह की इस बात को सुनकर विशाल ने मजाक में कहा कि अगर वह और शेखर बाद में संगीतकार बनकर नहीं भी आते, तो भी ओम शांति ओम का संगीत शानदार होता. बता दें कि पहले एआर रहमान ही ओम शांति ओम के मेन म्यूजिक डायरेक्टर थे लेकिन बाद में रॉयल्टी में हिस्सेदारी को लेकर बात बिगड़ गई थी और वे फिल्म का हिस्सा नहीं बन सके थे.
विशाल ने कही ये बात
म्यूजिक कंपोजर विशाल ददलानी ने कहा- ”ओम शांति ओम में जो जबरदस्त मसाला म्यूजिक था, वो बस एक ही है. यही आखिरी फिल्म है! ट्रेडिशनल मसाला बॉलीवुड म्यूजिकल फिल्म यही है. आज भी मुझे वो रीलें मिलती हैं जिनमें बताया जाता है कि हमने धूम ताना को बिना एआई के कैसे बनाया था, उस समय जब एआई था ही नहीं तो ये गाना कैसे बन गया था? हमने बस बना दिया और हमें मजा आ रहा था.”
ये भी पढ़ें- शादी करने ही वाले थे अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी, फिर ऐसा क्या हुआ कि अलग हो गईं राहें
दिल्ली 6 में आया मसकली
मसकली गाना राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म दिल्ली 6 में इस्तेमाल किया गया. इस फिल्म में अभिषेक बच्चन और सोनम कपूर लीड रोल में थे. दिल्ली 6 साल 2009 में रिलीज हुई थी, यानी ओम शांति ओम के रिलीज होने के करीब 2 साल बाद. फिल्म का मसकली गाना भी काफी लोकप्रिय हुआ और आज भी बॉलीवुड के यादगार गानों में गिना जाता है. इसका रीमेक भी बनाया जा चुका है.




