दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश, UP-बिहार सहित 12 राज्यों में अलर्ट; 3 दिन तक कहीं गिरेंगे ओले तो कहीं आएगा तूफान

दिल्ली-NCR में आंधी-बारिश, UP-बिहार सहित 12 राज्यों में अलर्ट; 3 दिन तक कहीं गिरेंगे ओले तो कहीं आएगा तूफान

Delhi-NCR Weather: दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी और उमस के बाद देर रात तेज आंधी और बारिश ने लोगों को राहत दी. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत में 13 जून तक आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है.

Weather Update: भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे दिल्ली-NCR के लोगों को बुधवार देर रात मौसम ने बड़ी राहत दी. राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और साहिबाबाद के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई. वहीं अगले 3 घंटों में यूपी के अमरोहा, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर और संभल में तेज हवाओं (40-60 किमी/घंटा) और बिजली कड़कने के साथ मध्यम से भारी बारिश या ओलावृष्टि का अलर्ट है. वहीं IMD ने गुरुवार के लिए तेज आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है.

बता दें कि बुधवार देर रात दिल्ली-NCR में शुरू हुई बारिश के साथ कई क्षेत्रों में तेज हवाएं चलीं. आसमान में बिजली चमकने और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच हुई वर्षा ने मौसम को पूरी तरह से बदल दिया. पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस के कारण लोग परेशान थे, लेकिन बारिश के बाद वातावरण काफी सुहावना हो गया.

ये भी पढ़ें- 44°C की तपिश के बाद राहत! दिल्ली में बारिश का अलर्ट, हिमाचल प्रदेश-उत्तराखंड में गिरेंगे ओले, जानें 15 राज्यों का मौसम

ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद तक झमाझम बारिश

ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि साहिबाबाद और गाजियाबाद के कई हिस्सों में भी बारिश का असर देखने को मिला. देर रात हुई इस बारिश से सड़कों पर पानी भर गया और तापमान में कमी आई. लोगों ने घरों की बालकनी और छतों से बारिश का आनंद लिया.

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से दिल्ली-NCR का मौसम अगले कुछ दिनों तक बदला हुआ रह सकता है. विभाग ने गुरुवार के लिए तेज आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है.

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक क्षेत्र में बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इसके चलते अधिकतम तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है. बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और तेज आंधी व बिजली गिरने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.

कैसा रहेगा UP का मौसम?

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच आज से माैसम में बदलाव की आहट दिख रही है. गुरुवार को नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में आंधी बारिश का दाैर शुरु होने वाला है. माैसम विभाग ने गुरुवार के लिए प्रदेश के 45 जिलों में गरज चमक और तेज रफ्तार वाली हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. हवाओं की रफ्तार 40 से 70 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है.

महाराष्ट्र में झमाझम बारिश

महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता बढ़ने के संकेत मिले हैं. मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग समेत कोंकण क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. वहीं विदर्भ क्षेत्र में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. कई जिलों में स्थानीय स्तर पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है.

केरल, कर्नाटक और गोवा में भारी बारिश का अलर्ट

दक्षिण भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है. केरल और कर्नाटक के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. कुछ इलाकों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की जा सकती है. गोवा में भी लगातार बारिश का दौर बना रह सकता है. विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है.

पश्चिमी विक्षोभ से फिर सक्रिय हुआ मौसम तंत्र

वहीं IMD ने उत्तर-पश्चिम भारत में एक बार फिर मौसम बदलने की चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 13 जून तक इस पूरे क्षेत्र में लगातार बारिश और आंधी-तूफान का दौर बना रह सकता है. इस दौरान कई इलाकों में मौसम अचानक खराब होने की संभावना जताई गई है.

11 और 12 जून को सबसे ज्यादा असर

मौसम विभाग ने खास तौर पर 11 और 12 जून को लेकर अलर्ट जारी किया है. इन दो दिनों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. हवाओं की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इससे पेड़ों के गिरने, बिजली व्यवस्था बाधित होने और फसलों को नुकसान होने का खतरा बढ़ सकता है.

किन राज्यों में रहेगा सबसे ज्यादा असर?

IMD के अनुसार, इस मौसम प्रणाली का सबसे अधिक प्रभाव बिहार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगा. इन राज्यों में 11 से 13 जून तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.

13 जून के बाद मौसम में सुधार की उम्मीद

IMD के वैज्ञानिकों का कहना है कि यह पश्चिमी विक्षोभ 13 जून तक सक्रिय रहेगा. इसके बाद मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा. हालांकि कुछ क्षेत्रों में 14 जून तक हल्की बारिश या बादल छाए रहने की संभावना बनी रह सकती है. मौसम की गंभीरता को देखते हुए सभी राज्यों के आपदा प्रबंधन विभागों को अलर्ट पर रखा गया है. NDRF और SDRF की टीमें भी तैयार की गई हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके. किसानों, यात्रियों और आम नागरिकों को लगातार SMS और मीडिया के माध्यम से मौसम की जानकारी दी जा रही है.

आशीष कुमार मिश्रा
आशीष कुमार मिश्रा

आशीष कुमार मिश्रा की 6 साल से जर्नलिज्म की Journey जारी है. दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को बनाने में अहम योगदान भारत के राज्यों का है. इन राज्यों से जुड़ी हर खटपट, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक, वो आप तक पहुंचाने में जुटा हुआ हूं. उत्तर प्रदेश समेत देश के तमाम बड़े राज्यों की सियासत को समझता हूं और बेबाकी से उसे लिखता हूं. जर्नलिज्म की Journey 2017 में न्यूज चैनल समाचार टुडे से स्टार्ट हुई, फिर नेशनल वॉइस के साथ भी काम करने का मौका मिला. दो न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल की तरफ में रुख किया. 2018 में पहली बार हैदराबाद में ईटीवी भारत की डिजिटल विंग टीम से जुड़ा. यहां साढ़े 3 साल का समय बिताने के बाद 2021 में दैनिक भास्कर (लखनऊ) की टीम से जुड़ा. अब यह सफर 2022 से टीवी9 भारतवर्ष के साथ चल रहा है. पत्रकारिता का मैंने ककहरा दैनिक जागरण इंस्टीट्यूट से सीखा. यहीं से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की.

Read More