नागौद राजघराने का खूनी संघर्ष: विधायक की बहू को गोली मारने वाली सुनीता को लॉकअप के बजाय मिला VIP ट्रीटमेंट? Video वायरल

नागौद राजघराने का खूनी संघर्ष: विधायक की बहू को गोली मारने वाली सुनीता को लॉकअप के बजाय मिला VIP ट्रीटमेंट? Video वायरल

Sunita Singh Parihar Satna Video: सतना के नागौद राजघराने की परसमनिया गढ़ी में विधायक के भतीजे की पत्नी योगिता सिंह को गोली मारने की आरोपी सुनीता सिंह का परसमनिया पुलिस चौकी से एक वीडियो वायरल हुआ है. वीडियो में आरोपी सुनीता सिंह को लॉकअप के बजाय कुर्सी पर बैठाकर कोल्ड ड्रिंक और पानी के साथ VIP ट्रीटमेंट दिए जाने का आरोप है, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं.

Satna News: मध्य प्रदेश के सतना जिले के नागौद राजघराने में हुए खूनी संघर्ष के बाद अब एक नया और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है. परसमनिया गढ़ी गोलीकांड की मुख्य आरोपी सुनीता सिंह परिहार का पुलिस चौकी के भीतर का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो ने हत्या के प्रयास (धारा 307) जैसे गंभीर मामले में सतना पुलिस की निष्पक्षता और कार्यप्रणाली को पूरी तरह कटघरे में खड़ा कर दिया है.

दरअसल, परसमनिया गढ़ी उस वक्त गोलियों की गूंज से दहल उठी थी जब राजपरिवार की बहू और वर्तमान विधायक नागेन्द्र सिंह के भतीजे बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह को पेट में गोली मार दी गई. उन्हें गंभीर हालत में रीवा के विंध्य हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर पेट से गोली तो निकाल दी है, लेकिन उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी सुनीता सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया था.

थाने में आरोपी सुनीता सिंह को VIP ट्रीटमेंट?

इस हाई-प्रोफाइल मामले में असली हंगामा तब शुरू हुआ जब परसमनिया पुलिस चौकी से आरोपी सुनीता सिंह का एक वीडियो लीक हो गया. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जिस आरोपी को नियमों के मुताबिक सलाखों के पीछे (लॉकअप में) होना चाहिए, उसे पुलिस अधिकारियों के सामने आराम से कुर्सी पर बैठाया गया है. इतना ही नहीं, इंटरनेट पर वायरल तस्वीरों और दावों के मुताबिक आरोपी महिला को पुलिस अभिरक्षा में पानी और कोल्ड ड्रिंक परोसकर विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं.

जनता में आक्रोश, उठ रहे हैं गंभीर सवाल

वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र की जनता और सोशल मीडिया पर पुलिस के खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर हत्या के प्रयास जैसे संगीन जुर्म की आरोपी को इतनी नरमी और VIP ट्रीटमेंट क्यों दिया जा रहा है? क्या कानून के नियम आम जनता और रसूखदार लोगों के लिए अलग-अलग हैं?

ये भी पढ़ें: सतना के नागौद राजघराने में खूनी संघर्ष: परसमनिया गढ़ी में BJP विधायक की बहू को मारी गोली, आरोपी महिला अरेस्ट

हालांकि, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अभी इस वीडियो की सत्यता और परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि करना बाकी है. लेकिन इस घटना ने नागौद पुलिस की साख पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है. अब देखना यह होगा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिम्मेदार अधिकारी क्या एक्शन लेते हैं.

(इनपुट: मोहम्मद फारुख/सतना)

TV9 Bharatvarsh
TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More