कमाई खाने के ताने, 15 दिनों से सोया नहीं… राधिका की हत्या के बाद पिता दीपक ने क्या-क्या बताया?
गुरुग्राम में इंटरनेशनल टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उनके पिता दीपक यादव ने हत्या कर दी. पुलिस पूछताछ में दीपक ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए, जिसमें राधिका के सोशल मीडिया अकाउंट को डिलीट करना और एकेडमी बंद करने का दबाव शामिल है. राधिका और कोच के बीच की चैट में घर में कैद होने की भावना और घर छोड़कर जाने की इच्छा का पता चला है. पुलिस ने 5 खाली कारतूस बरामद किए हैं और मामले की जांच जारी है.
गुरुग्राम में राधिका यादव हत्याकांड से सनसनी फैल गई है. राधिका इंटरनेशनल टेनिस प्लेयर थी. हत्या का आरोप पिता दीपक यादव पर लगा है. दीपक ने लाइसेंसी हथियार से गोली मारकर बेटी की जान ले ली. घटना के बाद से हत्याकांड को लेकर कई थ्योरी सामने आ रही है, लेकिन सवाल है कि आखिर सच्चाई क्या है? सवाल है एक पिता को अपने बेटी की हत्या का कदम क्यों उठाना पड़ा? एक पिता को अपनी बेटी को गोली क्यों मारनी पड़ी? इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस की दीपक यादव से पूछताछ में सामने आए हैं.
राधिका यादव के पिता दीपक यादव को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. न्यायिक हिरासत में भेजे जाने से पहले पुलिस ने दीपक से पूछताछ की. पूछताछ के दौरान दीपक ने कई अहम बातें बताई हैं. दीपक ने ये भी बताया है कि आखिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया और इसके पीछे क्या कहानी है. घटना के तमाम एंगल के बारे में जानने से पहले दीपक ने पूछताछ में क्या बताया यह जान लेते हैं.
‘पिछले 15 दिनों से सोया नहीं था’
जानकारी के मुताबिक, दीपक यादव ने पुलिस को बताया कि वो पिछले 15 दिनों से सोया नहीं था. घर में बेचैन घूमता रहता था. यहां तक की किसी से बात भी नहीं करता था. राधिका का सोशल मीडिया अकाउंट भी डिलीट कराया. बार-बार राधिका पर एकेडमी बंद करने का दबाव भी बनाया था. उसने बताया कि लोगों के ताने से भी परेशान हो गया था. लोग बेटी की कमाई खाने का ताना देते थे. राधिका ने कई बार भरोसा रखने के लिए बोला था और कहा था कि ढाई करोड़ खर्च किए हैं बर्बाद नहीं होने दूंगा.
सबसे ज्यादा चर्चा राधिक की चैट की हो रही है. राधिका ने अपने पिता के साथ संबंधों को लेकर कोच से बात की थी. टीवी9 के पास पास चैट है जिसके के शब्दों से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि राधिका यादव के पिता टेनिस एकेडमी से नाराज थे. चैट के एक हिस्से की बात करते हैं जिसमें राधिका अपने कोच से ये कह रही थी कि उसने पापा से बात की. वो मना कर रहे थे सब सुनकर. मतलब वो टेनिस एकेडमी की बात कर रही थी. राधिका ने चैट में ये भी लिखा था कि पापा कह रहे थे कोई प्वाइंट नहीं है कितने ही बचेंगे.
घर से निकलना चाह रही थी राधिका
इसके अलावा ये भी कहा जा रहा है कि राधिका घर से निकलना चाह रही थी. उसको लग रहा था कि वो अपने ही घर में कैद है. चैट से ये स्पष्ट है कि राधिका घर से कहीं दूर जाना चाहती थी. थोड़ा टाइम अकेला रहने की बात कर रही थी. चैट में घर में पाबंदी का भी जिक्र कर रही थी. बताया जा रहा है कि चैट राधिका और उसके कोच के बीच की है. चैट के शुरू में राधिका चीन दौरे की बात कर रही है और कहती है चीन में खाने की दिक्कत है. फिलहाल पुलिस इन सभी चैट की जांच कर रही है और घटना की कड़ी को जोड़ने का प्रयास कर रही है.
राधिका मर्डर केस 5 खाली कारतूस का राज खुला
राधिका पर पिता दीपक ने 5 राउंड फायरिंग की थी. पुलिस को पिस्टल के अंदर से 5 खाली कारतूस मिले थे. 4 गोली राधिका को लगी और 1 गोली रसोई के निचली हिस्से में लगी. पुलिस पूछताछ के दौरान दीपक अजीब व्यवहार कर रहा था. कभी हसने लगता था तो कभी रोने लगता था, खाना भी पुलिस ने जबरदस्ती खिलवाया.
अभी तक की जांच में सामने आया है की राधिका की कोई अपनी एकेडमी नहीं थी. पहले राधिका घर के सामने वाली एकेडमी में कोच की नोकरी करती थी. बाद में जब राधिका के साथ बच्चे जुड़ने लगे तो वो अलग-अलग टेनिस कोर्ट को किराय पर लेकर बच्चो को टेनिस की ट्रेनिंग देने शुरू कर दिया. इसके बीच राधिका ने करीब सवा महीने पहले गुरुग्राम सेक्टर 61 में क्रिकेट एकेडमी के बगल में टेनिस कोर्ट को किराए पर लिया.
पुलिस ने राधिका की मां के भी बयान दर्ज किए
गुरुग्राम पुलिस ने राधिका की मां के बयान भी दर्ज कर लिए है. पुलिस को मां ने बताया की पिछले 15 दिन से घर मे एकेडमी को बंद करने पर बात होती थी, राधिका पिता दीपक को समझाती भी थी लेकिन अचानक दीपक सुबह आया कमरे में गया लाइसेंस पिस्टल निकाली और रसोई में काम कर रही राधिका को गोली मार दी.



