राजेश खन्ना ने डिंपल कपाड़िया से 10 बार मांगा था तलाक, मगर एक्ट्रेस ने रख दी थी बड़ी शर्त? Anita Advani का बड़ा दावा
Rajesh Khanna: दिवंगत सुपरस्टार राजेश खन्ना की लिव-इन पार्टनर रहीं अनीता आडवाणी ने उनकी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने दावा किया कि राजेश खन्ना, डिंपल कपाड़िया से तलाक चाहते थे, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ पाई. अनीता ने इस मामले से जुड़ा अपना कोर्ट का एक्सपीरियंस भी शेयर किया.
Rajesh Khanna Live in Partner Anita: बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की लव स्टोरी जितनी चर्चित रही, उतनी ही सुर्खियों में उनकी पर्सनल लाइफ भी रही. दोनों ने साल 1973 में शादी की थी. उस वक्त राजेश खन्ना 31 साल के थे, जबकि डिंपल कपाड़िया महज 16 साल की थीं. शादी के बाद डिंपल ने ‘बॉबी’ जैसी सुपरहिट डेब्यू फिल्म देने के बावजूद एक्टिंग छोड़ दी. दोनों की दो बेटियां ट्विंकल और रिंकी खन्ना हैं. हालांकि, साल 1982 में डिंपल कपाड़िया राजेश खन्ना का घर छोड़कर अलग रहने लगीं. दोनों कभी ऑफिशियली तलाक नहीं ले सके. लेकिन राजेश खन्ना के निधन तक अलग-अलग ही रहे. निधन से पहले राजेश खन्ना अपनी लिव-इन पार्टनर अनीता आडवाणी के साथ रह रहे थे, जिन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट में उनके साथ अपने रिश्ते को मान्यता दिलाने के लिए याचिका दायर की थी. हाल ही में अनीता आडवाणी ने डिंपल कपाड़िया और राजेश खन्ना के रिश्ते को लेकर बड़ा खुलासा किया है.
राजेश खन्ना की लिव-इन पार्टनर अनीता आडवाणी ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू के दौरान अपने केस और राजेश खन्ना के साथ रिश्ते को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने दावा किया कि राजेश खन्ना कई बार डिंपल कपाड़िया से तलाक मांग चुके थे, लेकिन उन्हें कभी तलाक नहीं मिला. साथ ही, एक्ट्रेस ने तलाक देने के लिए एक शर्त भी रख दी थी.
अनीता आडवाणी ने क्या कहा?
अनीता आडवाणी ने कहा, “मेरा केस हिंदू मैरिज लॉ के तहत चला, जबकि उसका मेरे मामले से कोई लेना-देना ही नहीं था. वहां से इसे सिविल कोर्ट में भेज दिया गया, क्योंकि सिविल लॉ अलग होते हैं. मैंने ‘रिलेशनशिप इन द नेचर ऑफ मैरिज’ की मान्यता मांगी थी, लेकिन कहा गया कि मैं पत्नी नहीं हूं. जबकि इस कानून में सिर्फ लिव-इन पार्टनर ही नहीं, बहन और मां जैसे रिश्ते भी शामिल हैं.”
अनीता आडवाणी का बड़ा दावा
उन्होंने आगे कहा, “कुछ लोग कहते हैं कि अगर किसी की पत्नी है तो वो किसी और के साथ रिश्ता नहीं बना सकता. लेकिन अगर पत्नी सालों पहले घर छोड़कर चली गई हो और दोनों के बीच कोई रिश्ता ही न बचा हो, फिर किसी की जिंदगी में कोई दूसरा इंसान आए तो उसका क्या कसूर? वो इंसान कहीं का नहीं रहता. न तो वो साथ रह रहे थे और न ही तलाक हो रहा था. उन्होंने कई बार तलाक मांगा, लेकिन नहीं दिया गया. मांग इतनी थी कि अगर तलाक देना है तो सब कुछ हमारे नाम कर दो.”
“सब कुछ मेरे नाम कर दो”
अनीता आडवाणी ने कहा, “उन्होंने इंटरव्यू में भी कहा था कि मैं तलाक देना चाहता हूं. कई बार कहा, लेकिन तलाक नहीं दिया गया. उन्होंने 10 बार तलाक मांगा, मगर नहीं मिला. शर्त यही थी कि अगर तलाक देना है तो सब कुछ हमारे नाम कर दो. उनकी पत्नी थीं, इसलिए कहा गया कि मेरे साथ उनके रिश्ते को मान्यता नहीं मिल सकती. आखिर में वो बिल्कुल अकेले रह गए. वो आसान इंसान नहीं थे, लेकिन अगर कोई उनका साथ दे रहा था तो फिर ऐसे रिश्तों की सुरक्षा के लिए कानून क्यों है? यही सबसे बड़ी उलझन है.”
बता दें कि राजेश खन्ना का निधन साल 2012 में हुआ था. वहीं, अनीता आडवाणी की याचिका को अप्रैल 2026 में बॉम्बे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था.




