Rajesh Sharma Insect Bite: राजेश शर्मा पर फैला फेक न्यूज? मैनेजर ने बताई सच्चाई, ‘फौजी’ की टीम ने ‘कीड़ा’ काटने पर ये बात कही
Rajesh Sharma Insect Bite: फिल्म अभिनेता राजेश शर्मा अब ठीक हैं. उनके मैनेजर ने बताया है कि वो दो तीन दिनों में पूरी तरह ठीक हो जाएंगे. उन्होंने गंभीर रूप से बीमार होने वाली रिपोर्ट्स को खारिज किया. साथ ही फिल्म 'फौजी' की टीम ने भी अपना पक्ष रखा है और सच बताया है.
फिल्म अभिनेता राजेश शर्मा कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती हैं. बुधवार को डायरेक्टर सुदीपा चटर्जी ने परिवार और डॉक्टरों के हवाले से एक बयान जारी करते हुए उनके सेहत पर अपडेट दिया था और अस्पताल में भर्ती होने की वजह भी बताई थी. उनके मुताबिक राजेश शर्मा को प्रभास की फिल्म ‘फौजी’ के सेट पर किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया था. बाद में फ्लाइट में उनकी सेहत बिगड़ी और कोलकाता आने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा. हालांकि सुदीपा के इस दावे को फिल्म ‘फौजी’ की टीम ने खारिज कर दिया है और बिल्कुल अलग ही बात बता दी है. साथ ही एक्टर के मैनेजर ने भी अब पूरा सच बताया है.
फिल्म ‘फौजी’ की टीम का कहना है कि राजेश शर्मा ने तो अपने हिस्से की शूटिंग इस घटना से एक हफ्ते पहले ही कर ली थी और अपने घर चले गए थे. gulte डॉट कॉम ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि फिल्म की टीम की ओर से जो बताया गया है वो, बातें डायरेक्टर सुदीपा चटर्जी के बयान से मैच नहीं हो रही हैं. टीम का कहना है कि सेट पर हुई किसी भी तरह की घटना या किसी के घायल होने के बारे में उन्हें किसी ने भी जानकारी नहीं दी. टीम ने बताया कि जब उन्होंने परिवार से संपर्क करने की कोशिश की तो उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया है.
डायरेक्टर का सोशल मीडिया पोस्ट गायब
बुधवार को राजेश शर्मा को कीड़ा काटने और गंभीर रूप से बीमार होने की रिपोर्ट्स हर जगह छाई थी. इसके पीछे डायरेक्टर सुदीपा चटर्जी का एक इंस्टाग्राम पोस्ट था, जो अब गायब हो गया है. उनका वो पोस्ट सोशल मीडिया पर कहीं नहीं दिखाई दे रहा है. उस पोस्ट में दावा था कि हैदराबाद में रामोजी राव फिल्म सिटी में शूटिंग के दौरान किसी कीड़े या जहरीले स्पाइडर के काटने के कुछ घंटे बाद राजेश की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई. जब कीड़े ने काटा तो राजेश ने उसे गंभीरता से नहीं लिया, क्योंकि उस वक्त कोई असर नहीं हुआ था.

सुदीपा ने अब दी ये जानकारी
सुदीपा ने गुरुवार को हिंदुस्तान टाइम्स में बातचीत के दौरान राजेश की सेहत की जानकारी दी. उन्होंने कहा, “अब वो पहले से बेहतर हैं. किस कीड़े ने काटा, उसके बारे में पता नहीं चला है, टेस्ट हो रहे हैं और उनकी हालत पर नज़र रखी जा रही है. इलाज जारी है और पिछले दो दिनों में उनकी सेहत बेहतर हुई है.
सुदीपा ने बताया, “राजेश जी की मां काफी बूढ़ीं हैं और उनकी बहन विदेश में हैं. वो हमारे फैमिली फ्रेंड हैं. जब हमें इसके बारे में पता चला तो हम अस्पताल पहुंचे और उसी वक्त मैंने शुरुआती बयान दिया था.” आज सुदीपा ने कहा, “हैदराबाद से आने के बाद वो घर पर थे और उन्हें बुखार था. उन्होंने सोचा कि बुखार है, मच्छर काटने से हो सकता है तो चलो घर. तो वो घर चले गए थे और उसके बाद उन्हें असहज महसूस हुआ तो वो पास के अस्तपाल आए और वहां भर्ती हैं.”
मैनेजर ने बताया सच
राजेश शर्मा के असिस्टेंट और मैनेजर इंचार्ज ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया, “राजेश जी ठीक हैं. बहुत फेक न्यूज फैल गया. मैं उनके साथ 24/7 हूं और ऐसा कुछ नहीं है. इनफेक्शन उनके पैर में अब भी है और वो ठीक हो रहे हैं. कहीं पढ़ा कि इन्फेक्शन उनके फेफड़े तक पहुंच गया है, जो सच नहीं है. उनके डॉक्टरों का कहना है कि वो दो तीन दिनों में ठीक हो जाएंगे.




