टीम इंडिया ODI सीरीज तो जीती, मगर इन 2 नाकामियों का क्या? वर्ल्ड कप में करेंगे परेशान
भारतीय टीम ने इस वनडे सीरीज में 3-1 से जीत दर्ज की लेकिन चारों मैच में एक बात सामान्य रही और वो थी भारतीय टीम की बैटिंग, जिसके आंकड़े देखकर पता चलता है कि हालत बेहद खराब रही.
भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज आखिर जीत ही ली. सीरीज में शुरुआती 2 मैच जीतने के बाद चौथे मैच में सिर्फ 89 रन पर ढेर होने वाली टीम इंडिया सवालों से घिरी हुई थी. मगर आखिरी मैच में अपने गेंदबाजों के दम पर टीम इंडिया ने 209 रन जैसे स्कोर भी डिफेंड किया और 22 रन से मैच के साथ 3-1 से सीरीज भी जीत ली. सीरीज तो टीम इंडिया ने जीत ली लेकिन इसके बावजूद 2 मोर्चों पर भारतीय टीम की भद पिटी है- बैटिंग और फील्डिंग.
पांच मैचों की इस सीरीज के 3 मैच बारिश से बुरी तरह प्रभावित थे. तीसरा मैच तो रद्द ही हो गया, जबकि पहले और दूसरे मैच में ओवर में कटौती हुई. वहीं चौथे और पांचवें मैच में बारिश का नामो निशान नहीं था. कुल 4 मुकाबलों में क्रिकेट एक्शन दिखा और चारों में एक बात समान दिखी- टीम इंडिया की खराब बल्लेबाजी. धुरंधर बल्लेबाजों से लबरेज भारतीय टीम ने ये सीरीज अपने तेज गेंदबाजों के दम पर जीती.
टीम इंडिया की बैटिंग इस पूरी सीरीज में पस्त नजर आई. हालत कितनी खराब थी, इसे 3 पहलुओं से समझा जा सकता है. पहला, सिर्फ भारतीय टीम ही थी जो 100 रन से कम के स्कोर पर आउट हुई. दूसरा, पूरी सीरीज में भारत की ओर से सिर्फ एक अर्धशतक विराट कोहली के बल्ले से निकला. तीसरा, कोई भी बल्लेबाज पूरी सीरीज में 100 रन भी नहीं बना सका. सबसे ज्यादा 86 रन कोहली ने बनाए, वो भी 4 पारियों में.
न्यूजीलैंड की इस सीरीज को अगले साल वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा था, क्योंकि साउथ अफ्रीका में भी कुछ ऐसी ही परिस्थितियां मिल सकती हैं. मगर हालात देखकर विश्वास नहीं जगता कि वर्ल्ड कप में ये बैटिंग यूनिट कुछ खास कर पाएगी. खास तौर पर रोहित शर्मा (30 रन), विराट कोहली और श्रेयस अय्यर (67 रन) जैसे सीनियर बल्लेबाजों की नाकामी परेशान करने वाली रही.




