SA vs BAN Test: 21 रन पर गिरे 3 विकेट तो दीवार बना ये बल्लेबाज, लगातार दूसरा शतक जड़कर रचा इतिहास
तौहीद हृदॉय ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में ही करियर का पहला शतक लगाया था और उसे दोहरे शतक में बदल दिया था. इस बार उन्होंने साउथ अफ्रीकी जमीन पर शतक ठोका है.
बांग्लादेश क्रिकेट को एक नया स्टार मिल गया है. वो भी टी20 या वनडे में नहीं बल्कि टेस्ट क्रिकेट में. जिस फॉर्मेट में शुरुआती 2 दशकों में बांग्लादेशी टीम को सबसे ज्यादा संघर्ष करना पड़ा, उसमें अब ये टीम बेहतर होती जा रही है. स्पिनर्स के बाद अब अपनी तेज गेंदबाजी से तो बांग्लादेश परेशान कर रा है. वहीं अब बांग्लादेशी बैटिंग को एक नया दमदार बल्लेबाज मिल गया है, जो मुश्किल हालात में बड़ी पारियां खेलने का जज्बा रखता है. नाम है तौहीद हृदॉय, जिन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ शानदार शतक जमा दिया है.
साउथ अफ्रीका दौरे पर टेस्ट सीरीज के लिए पहुंचे बांग्लादेश के लिए पहले ही दिन तौहीद हृदॉय ने एक हैरतअंगेज और लाजवाब पारी खेली. जोहानसबर्ग में 2 टेस्ट मैच की सीरीज के पहले मैच में इस युवा बल्लेबाज ने ऐसा कमाल का आगाज किया. रविवार 15 नवंबर से शुरू हुए मैच के पहले दिन के पहले सेशन में दिग्गज तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ने बांग्लादेश को दहलाते हुए सिर्फ 21 रन पर 3 विकेट गिर दिए थे.
टीम को संभाला, शतक भी ठोका
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद ऐसे आगाज से यही लग रहा था कि साउथ अफ्रीकी गेंदबाजी जल्द ही बांग्लादेश को ऑल आउट कर देगी. मगर यहीं पर तौहीद हृदॉय दीवार बनकर उनके सामने खड़े हो गए. पांचवें नंबर पर बैटिंग के लिए उतरे इस बल्लेबाज ने एक छोर से मोर्चा संभाल दिया और फिर साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों का डटकर सामना किया और पूरी तरह जम गए. तौहीद ने तंजीद हसन के साथ 99 रन की साझेदारी की.
मगर यहीं पर रबाडा ने 2 विकेट और गिरा दिए. इसके बाद तौहीद को मिला लिट्टन दास का साथ. दोनों इसके बाद पूरी तरह डट गए और साउथ अफ्रीका के हर अटैक को कुंद कर दिया. देखते ही देखते तौहीद ने एक शानदार शतक जमा दिया. इसके दम पर उन्होंने लिट्टन के साथ मिलकर टीम को 300 रन के पार पहुंचा दिया. तौहीद दिन की आखिरी गेंद पर 137 रन की यादगार पारी खेलकर आउट हुए.
लगातार दूसरा शतक, सिर्फ दूसरे बांग्लादेशी
इस तरह 25 साल के तौहीद हृदॉय साउथ अफ्रीका में टेस्ट शतक लगाने वाले सिर्फ दूसरे बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गए. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज का ये सिर्फ चौथा ही टेस्ट मैच है और उसमें ही उन्होंने दो शतक जमा दिए. खास बात ये है कि उनके ये शतक लगातार 2 मैच में आए हैं. उन्होंने पिछले ही टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला शतक लगाया था और उसे दोहरे शतक में तब्दील करते हुए 242 रन की नाबाद पारी खेली थी.




