IND vs NZ 5th ODI: अक्षर, सिराज और अर्शदीप ने टीम इंडिया को बचाया, 7 साल बाद फिर जीती सीरीज

IND vs NZ 5th ODI: अक्षर, सिराज और अर्शदीप ने टीम इंडिया को बचाया, 7 साल बाद फिर जीती सीरीज

India vs New Zealand: न्यूजीलैंड ने अपने घर पर आखिरी बार 2019 में कोई वनडे सीरीज गंवाई थी. तब टीम इंडिया ने ही उसे हराया था. अब 7 साल बाद एक बार फिर भारत के हाथ ही कीवी टीम को घर में शिकस्त मिली.

खराब बल्लेबाजी और निराशाजनक फील्डिंग के बावजूद अपनी दमदार गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज जीत ली है. सीरीज के पांचवें और आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया ने छोटे स्कोर वाले मुकाबले में न्यूजीलैंड को 22 रन से हराया और 3-1 से सीरीज अपने नाम कर ली. टीम इंडिया की इस जीत के स्टार अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज रहे, जिन्होंने टीम को 209 रन तक पहुंचाया और फिर इस स्कोर को डिफेंड भी किया.

रविवार 15 नवंबर को खेला गया ये मुकाबला भी उसी बे ओवल मैदान पर हुआ, जहां चौथा वनडे मैच हुआ था. तब टीम इंडिया लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 89 रन पर ढेर हो गई थी. ऐसे में इस मैच में भारतीय बल्लेबाजी उसी शर्मनाक प्रदर्शन की परछाई के तहत उतरी. भारतीय टीम इस बार 100 से नीचे तो आउट नहीं हुई लेकिन बल्लेबाज एक बार फिर असर डालने में नाकाम रहे और टीम सिर्फ 209 रन पर ऑल आउट हो गई.

एक बार फिर भारतीय टॉप ऑर्डर ने निराश किया. रोहित शर्मा, ऋतुराज गायकवाड़ और विराट कोहली ने मिलकर सिर्फ 30 रन बनाए. यही वजह थी कि टीम ने 34 रन तक ही 3 विकेट गंवा दिए. कप्तान श्रेयस अय्यर ने कुछ देर पारी को संभाला लेकिन शॉर्ट गेंद के खिलाफ वो फिर विकेट गंवा बैठे. ऐसे हालात में अक्षर पटेल और ईशान किशन ने छोटी लेकिन अहम पारियां खेलकर टीम को कुछ हद तक संभाला.

हालांकि, 183 के स्कोर तक भारत ने 9 विकेट गंवा दिए थे और 200 रन बनना भी मुश्किल नजर आ रहा था. ऐसे में अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज ने आखिरी विकेट के लिए सिर्फ 10 गेंदों में 26 रन जोड़ दिए, जिसमें 4 गेंदों पर 14 रन अर्शदीप ने बनाए. इसके दम पर ही भारतीय टीम 209 रन तक पहुंचीं. अंत में यही साझेदारी हार और जीत का अंतर साबित हुई.

(खबर अपडेट हो रही है)

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More