396 रन… भारत-न्यूजीलैंड ने मिलकर बदला इतिहास, 45 साल बाद तोड़ा अपना ही ये रिकॉर्ड
इस मुकाबले में टीम इंडिया को 22 रन से जीत मिली और सीरीज भी भारत के नाम रही. न्यूजीलैंड को घर में ही शिकस्त झेलनी पड़ी. मगर जब बारी रिकॉर्ड की आई तो इसमें दोनों का नाम लिखा गया.
India vs New Zealand 5th ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का अंत हो गया. सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच रविवार 15 नवंबर को खेला गया, जिसमें टीम इंडिया ने जीत दर्ज की और सीरीज 3-1 से अपने नाम की. एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. सीरीज के बाकी मुकाबलों की तरह आखिरी मैच भी छोटे स्कोर वाला ही रहा. स्थिति ये रही कि पूरे मैच में 400 रन भी नहीं बने और न कोई अर्धशतक लगा. मगर इसके कारण ही 45 साल पुराना एक रिकॉर्ड टूट गया.
माउंट माउनगानुई के बे ओवल मैदान में खेले गए इस आखिरी मैच में भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 209 रन ही बनाए थे. टीम इंडिया के लिए अक्षर पटेल और ईशान किशन ने 46-46 रन की पारी खेली. मगर ये स्कोर भी न्यूजीलैंड के लिए बड़ा साबित हुआ, जो खुद सिर्फ 187 रन पर ऑल आउट हो गई और 22 रन से हार गई. न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा 31 रन डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने बनाए.
जीत भारत को मिली, न्यूजीलैंड के खाते में हार आई लेकिन रिकॉर्ड दोनों टीमों की झोली में आ गया. असल में इस मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर 396 रन बनाए लेकिन कोई भी बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया. न्यूजीलैंड में खेले गए ODI क्रिकेट के इतिहास में ये सबसे ज्यादा रन वाला मैच है, जिसमें दोनों टीम से कोई भी बल्लेबाज 50 रन भी नहीं छू पाया. भारत और न्यूजीलैंड ने मिलकर अपना ही 45 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा. 1981 में खेले गए उस मैच में दोनों टीमों ने 363 रन बनाए थे और कोई अर्धशतक नहीं लगा था.
वहीं भारतीय टीम ने इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड का 7 साल और लगातार 11 वनडे सीरीज से चला आ रहा जीत का सिलसिला तोड़ा. न्यूजीलैंड को अपने घर में 2019 के बाद से किसी भी वनडे सीरीज में शिकस्त नहीं मिली थी. पिछली बार उसे टीम इंडिया ने ही हराया था. इसके बाद से लगातार 11 वनडे सीरीज न्यूजीलैंड ने अपने घर में जीती. अब फिर भारतीय टीम ने उसे शिकस्त देकर जीत का रथ रोका.




