‘धूम 4’ का हिस्सा नहीं रणबीर कपूर, ‘रामायण’ के अलावा इस फिल्म में आएंगे नजर, खुद दिया अपडेट
'रामायण' की टीम ने हाल ही में सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में अपनी इस मोस्ट अवेटेड फिल्म को शो किया. इसमें निर्देशक नितेश तिवारी से लेकर निर्माता नमित मल्होत्रा और अभिनेता रणबीर कपूर भी शामिल हुए. इस दौरान बातचीत करते हुए एक्टर रणबीर ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर भी बात की है.
रणबीर कपूर फिल्म ‘रामायण’ को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं. इसके अलावा भी उनके कई आगामी प्रोजेक्ट को लेकर चर्चाएं चल रही हैं. इस इवेंट में रणबीर कपूर ने अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर भी खुलकर बात की है. लंबे समय से कहा जा रहा था कि वो ‘धूम 4’ में नजर आ सकते हैं. हालांकि इन अटकलों पर अब अभिनेता ने खुद ही विराम लगा दिया है. इसी के साथ उन्होंने ये भी बताया कि वो ‘रामायण’ के अलावा और किस मूवी पर काम कर रहे हैं.
‘रामायण’ बहुत बड़ा प्रोजेक्ट है, जिसको लेकर कलाकारों से निर्माता-निर्देशक तक ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. इस फिल्म को सफल बनाने के लिए देश से लेकर विदेश तक में इवेंट किए जा रहे हैं और इसे ग्लोबल स्तर पर रिलीज करने की तैयारी है. फिलहाल जान लेते हैं रणबीर के आगामी प्रोजेक्ट के बारे में उन्होंने क्या कहा.
संजय लीला भंसाली की फिल्म में आएंगे नजर
इस इवेंट में बात करते हुए रणबीर कपूर ने कहा, “नहीं, अभी मैं ‘रामायण’ और ‘लव एंड वॉर’ नाम की एक और फिल्म पर काम कर रहा हूं. इसे संजय भंसाली डायरेक्ट कर रहे हैं. यह फिल्म अगले साल 24 जनवरी को रिलीज होनी चाहिए.” बता दें कि ‘लव एंड वॉर’ रिलीज के ऑफिशियल अनाउंसमेंट में बताया गया है कि ये मूवी 21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी.
इन फिल्मों का भी नहीं किया जिक्र
रणबीर कपूर ने ‘धूम’ फ्रेंचाइजी के 4 पार्ट में तो काम करने की अटकलों को खत्म कर ही दिया है. इसके अलावा जानकारी आ रही थी कि वो ‘एनिमल पार्क’ में नजर आने वाले हैं जो संदीप रेड्डी वांगा की 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘एनिमल’ का सीक्वल है. इसे लेकर भी रणबीर कपूर ने किसी तरह का कोई जिक्र नहीं किया है.
धूम फ्रेंचाइजी की फिल्में
2004 में ‘धूम’ आई थी, जिसमें अभिषेक बच्चन ACP जय दीक्षित और उदय चोपड़ा ने अली का रोल प्ले किया था. इसमें जॉन अब्राहम ने चोर कबीर शर्मा की भूमिका अदा की थी तो वहीं फिल्म में रिमी सेन और ईशा देओल अहम भूमिकाओं में थीं. 2006 में इसका सीक्वल ‘धूम 2’ रिलीज हुई, जिसमें ऋतिक रोशन ने मास्टर चोर का रोल प्लो किया था और उनके साथ ऐश्वर्या राय नजर आई थीं. इसमें एक बार फिर अभिषेक बच्चन और उदय चोपड़ा ने अपने किरदारों में वापसी की थी.दोनों ही काफी हिट रहीं. इसके बाद 2013 में ‘धूम 3’ आई जिसमें आमिर खान का डबल रोल था और कैटरीना कैफ इस फिल्म में दिखाई दी थीं. इसी के साथ अभिषेक बच्चन, उदय चोपड़ा भी एक बार फिर इसका हिस्सा बने.
‘रामायण 1’ को लेकर जबरदस्त तैयारियां
नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित और नमित मल्होत्रा द्वारा प्रोड्यूस की जा रही ‘रामायण’ के पार्ट 1 को लेकर जबरदस्त तैयारियां चल रही हैं. इस फिल्म को ब्लॉकबस्टर बनाने की हर एक कोशिश की जा रही है. फिर चाहे वो दिल्ली में ग्रैंड इवेंट करना हो या फिर विदेश में फिल्म का कार्यक्रम हो. दिवाली पर ‘रामायण 1’ को रिलीज किया जाएगा. इसके ट्रेलर का भी बेसब्री से इंतजार है जो 24 जुलाई को रिलीज होने वाला था, लेकिन कुछ कारणों से ये टल गया.
ये भी पढ़ें: ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक के सिर सजा इंडियन आइडल 16 का ताज, कैंसर मरीजों के लिए गाती थीं गाना




