IND vs NZ: पैसा कमा लिया, नंबर 1 बन गए लेकिन बल्लेबाज वाली इज्जत नहीं कमा पाए रवींद्र जडेजा
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में 91 टेस्ट मैच खेलने वाले रवींद्र जडेजा को टीम से बाहर किया गया. उनकी जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिला.
वेलिंगटन टेस्ट की प्लेइंग इलेवन का जब ऐलान हुआ तो भारतीय फैंस ही नहीं बल्कि भारत के कई पूर्व क्रिकेटरों का माथा भी चकरा गया. इस प्लेइंग इलेवन में दो सीनियर खिलाड़ी नहीं थे. मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को प्लेइंग इलेवन में ही नहीं सेलेक्ट नहीं किया गया. सिराज पर प्रसिद्ध कृष्णा को तवज्जो दी गई और रवींद्र जडेजा को बाहर कर वॉशिंगटन सुंदर पर भरोसा जताया गया. सुंदर को जडेजा की जगह मौका देने पर भारतीय बैटिंग कोच ने कहा कि चूंकि न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर में बाएं हाथ के बल्लेबाज ज्यादा हैं इसलिए वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया गया. बैटिंग कोच का ये बयान रवींद्र जडेजा की काबिलियत पर सवाल खड़े करता है. सबसे बड़ा तो ये सवाल है कि क्या भारतीय टीम मैनेजमेंट रवींद्र जडेजा को सिर्फ बल्लेबाज के तौर पर मौका नहीं दे सकता? पिछले दो साल में जडेजा का बैटिंग रिकॉर्ड इतना कमाल है कि वो दुनिया की किसी भी टेस्ट टीम में स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के तौर पर खेल सकते हैं.
रवींद्र जडेजा की बैटिंग के आंकड़े
साल 2025 से लेकर अबतक अगर बैटिंग के आंकड़ों को देखें तो रवींद्र जडेजा टेस्ट क्रिकेट में सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं. इस खिलाड़ी ने 12 टेस्ट में 55.26 की औसत से 829 रन बनाए हैं. भारतीय टीम की बात करें तो रन और औसत के मामले में सिर्फ कप्तान शुभमन गिल उनसे आगे हैं. मतलब रवींद्र जडेजा भारत के दूसरे बेस्ट टेस्ट बल्लेबाज हैं.
रवींद्र जडेजा हैं टेस्ट में बेस्ट
एक जनवरी 2025 से 18 नवंबर 2026 तक के टेस्ट आंकड़ों को देखें तो भारत के लिए सबसे ज्यादा 1183 रन शुभमन गिल ने बनाए हैं. उनका बैटिंग एवरेज 65.72 है. इसके बाद भारत के लिए बेस्ट बैटिंग औसत रवींद्र जडेजा का है. वो 2 शतक और 6 अर्धशतकों की मदद से 829 रन बना चुके हैं और उनका एवरेज 55.26 है. जडेजा के बाद ऋषभ पंत, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल जैसे बल्लेबाजों का नंबर आता है. लेकिन अफसोस की बात ये है कि टीम इंडिया मैनेजमेंट को ये आंकड़े नजर नहीं आते. टीम मैनेजमेंट इस अनुभवी खिलाड़ी को ऑलराउंडर के तौर पर ही देखता है. बैटिंग कोच सितांशु कोटक के बयान से तो ऐसा ही लगता है. साफ है कि रवींद्र जडेजा ने अपने करियर में पैसा बहुत कमाया, वो आईसीसी रैंकिंग में लंबे समय तक नंबर 1 भी रहे लेकिन वो खुद को 91 टेस्ट खेलने के बाद भी स्पेशलिस्ट बल्लेबाज साबित नहीं कर सके. या फिर टीम इंडिया मैनेजमेंट उन्हें स्पेशलिस्ट बल्लेबाज मानना ही नहीं चाहता?




