Rising Star Asia Cup: इंडिया ए का पहला मुकाबला आज, तिलक वर्मा की कप्तानी का डेब्यू
पिछले साल इसी टूर्नामेंट में इंडिया ए टीम फाइनल तक भी नहीं पहुंच सकी थी. तब इंडिया ए को सेमीफाइनल में बांग्लादेश ए के हाथों सुपर ओवर में हार का सामना करना पड़ा था.
एशिया कप का एक और एडिशन शुरू हो चुका है. भारत की सीनियर मेंस टीम ने 2025 में अपने टूर्नामेंट का खिताब जीता. फिर 2026 में भारतीय महिला टीम ने भी अपना एशिया कप टूर्नामेंट जीता. हाल ही में अंडर-19 भारतीय टीम ने एक रोमांचक फाइनल में एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की. अब बारी है पुरुष इंडिया ए टीम की, जो राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में उतर रही है. तिलक वर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही है, जहां ग्रुप स्टेज के अपने पहले मैच में भारतीय टीम का सामना नेपाल से होगा.
तिलक की कप्तानी, अभिषेक-वैभव पर नजर
शुक्रवार 20 नवंबर को कतर की राजधानी दोहा में ग्रुप बी में नेपाल के खिलाफ टीम इंडिया के अभियान की शुरुआत होगी. वनडे फॉर्मेट में होने जा रहे इस टूर्नामेंट के साथ ही कप्तान तिलक समेत कई अन्य खिलाड़ियों को इस फॉर्मेट में अपनी पहचान बनाने का मौका मिल रहा है. खास तौर पर सीनियर टी20 टीम में अपनी जगह पक्की कर चुके विस्फोटक ओपनिंग जोड़ी अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी पर सबकी निगाहें टिकी होंगी. दोनों ही अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए अपना दावा पेश कर सकते हैं.
20-20 ओवर के क्रिकेट में अभिषेक और वैभव अपनी छाप छोड़ चुके हैं. दोनों विस्फोटक बल्लेबाजी कर सकते है, ये सब जानते हैं. मगर 50 ओवर का क्रिकेट थोड़ा अलग है और इसमें खुद को साबित करना आसान नहीं होगा. ऐसे में राइजिंग स्टार्स एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन इन दोनों के लिए सीनियर टीम इंडिया के दरवाजे खोल सकता है. नेपाल के खिलाफ प्रदर्शन को भले ही तवज्जो न मिले लेकिन ग्रुप स्टेज में ही भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से भी होगा और उस मैच पर सबसे ज्यादा फोकस रहेगा.
पिछले साल की हार का बदला
इंडिया ए के लिए इस बार ये टूर्नामेंट ज्यादा अहमियम वाला है. असम में 2025 में इंडिया ए की टीम फाइनल तक भी नहीं पहुंच पाई थी. वैभव सूर्यवंशी उस टीम का हिस्सा थे, जबकि जितेश शर्मा कप्तान थे. मगर सेमीफाइनल में बांग्लादेश ए के खिलाफ मैच टाई हो गया था. फिर सुपर ओवर में इंडिया ए को हार का सामना करना पड़ा था. उस सुपर ओवर में वैभव को न भेजे जाने पर काफी सवाल उठे थे.
इंडिया ए में ये स्टार शामिल
अगर इंडिया ए के स्क्वॉड की बात करें तो इसमें इंटरनेशनल क्रिकेट का अच्छा खासा अनुभव रखने वाले कुछ खिलाड़ी हैं. कप्तान तिलक, अभिषेक और सूर्यवंशी के अलावा रिंकू सिंह भी टीम में हैं, जो उप-कप्तानी भी करेंगे. वहीं IPL स्टार प्रभसिमरन सिंह और कुमार कुशाग्र विकेटकीपिंग के लिए चुने गए हैं. इनके अलावा आयुष बडोनी बल्लेबाजी को और गहराई देंगे.




