Lock Upp 2: पापा आर्मी में थे या बिजनेस में? शिवांगी जोशी के गरीबी के दावे पर मचा बवाल, तो टीम ने दिया करारा जवाब
Lock Upp 2: नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉकअप 2' में शिवांगी जोशी के पिता के आर्मी और बिजनेस वाले प्रोफेशन पर कुछ लोगों ने सवाल उठाए. ट्रोलर्स ने कहानी को 'फेक' बताया. अब एक्ट्रेस की टीम का बयान आया है.
Lock Upp 2 Shivangi Joshi: रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में टीवी एक्ट्रेस शिवांगी जोशी द्वारा अपनी जिंदगी के आर्थिक संकट को लेकर किए गए खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया. शो में शिवांगी ने बताया था कि एक वक्त उनके परिवार पर ऐसा पहाड़ टूटा था कि उनके माता-पिता के पास खाने तक के पैसे नहीं बचे थे. हालांकि, इस बयान के वायरल होते ही नेटिजन्स ने उनके पुराने इंटरव्यू को खंगालना शुरू कर दिया और उनके पिता के प्रोफेशन पर सवाल उठाकर इस कहानी को ‘फेक’ करार दे दिया.
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने तंज कसते हुए कहा कि जब शिवांगी ने पुराने इंटरव्यू में अपने पिता के आर्मी में होने की बात कही थी, तो फिर अचानक बिजनेस में घाटे और सड़कों पर आने की कहानी कहां से आ गई? अब एक्ट्रेस की टीम ने एक बयान जारी किया है.
पिता के प्रोफेशन पर सवाल उठते ही टीम ने दिया जवाब
ट्रोलर्स का आरोप था कि शिवांगी जोशी ने फिनाले के करीब आकर दर्शकों की हमदर्दी जीतने के लिए झूठी कहानी गढ़ी है. इस विवाद के तूल पकड़ते ही अब शिवांगी जोशी की टीम ने सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स की क्लास लगा दी है और उनके पिता के आर्मी से बिजनेस में आने का पूरा सच साफ कर दिया है. टीम ने पलटवार करते हुए लिखा,”शिवांगी को अपने सारे इंटरव्यू अच्छी तरह याद हैं. आपके समझने में भूल हुई है. इंसान की जिंदगी में एक से ज्यादा अध्याय हो सकते हैं. उनके पिता ने पहले देश की सेवा की. फिर वहां से वीआरएस लेकर बिजनेस की शुरुआत की. पहले आर्मी और बाद में बिजनेस ये दोनों ही बातें पूरी तरह सच हैं. ये कोई झूठ नहीं, बल्कि एक इंसान की जिंदगी का वो हिस्सा है, जो आपको आधा ही पता था.”
शिवांगी की टीम ने और क्या कहा?
पुश्तैनी घर (बगंले) पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए टीम ने कहा कि होमटाउन में बड़ा घर होना कोई ‘प्लॉट ट्विस्ट’ नहीं है, इसे फैमिली घर कहते हैं, जो देश के करोड़ों परिवारों के पास होता है. वहीं ‘फिक्स्ड विनर’ और ‘खैरात में ट्रॉफी’ मिलने जैसे आरोपों पर टीम ने कड़ा रुख अपनाया. टीम ने चेतावनी देते हुए कहा,”अभी फिनाले का नतीजा भी नहीं आया है और आपने पहले ही मनगढ़ंत कहानियां बना ली हैं. जब बिना नाम लिखे बोलने की आदत हो, तो सच का ज्ञान न बांटें. आप झूठ लाएंगे, तो हम सबूत पेश करेंगे.”
ये भी पढ़ें-
कहां हैं कसौटी जिंदगी की के अनुराग? कभी थे टीवी के सबसे बड़े स्टार, अब जी रहे ऐसी जिंदगी
क्या था शिवांगी का वो खुलासा?
दरअसल, हाल ही में शिवांगी ने बताया था कि उनके पिता के बिजनेस पार्टनर ने सारा घाटा उनके सिर मढ़ दिया था. जिसके बाद उनका परिवार पूरी तरह टूट गया था और उनके माता-पिता ने परिवार पालने के लिए कैंटीन में बर्तन तक धोए थे. फिलहाल टीम द्वारा पिता के बैकग्राउंड और सच्चाई को साफ किए जाने के बाद फैंस शिवांगी के सपोर्ट में आ गए हैं.




