SMAT 2026: लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट, T20 डेब्यू पर 9 गेंदों में 5 शिकार, ऐसा करने वाला पहला भारतीय

SMAT 2026: लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट, T20 डेब्यू पर 9 गेंदों में 5 शिकार, ऐसा करने वाला पहला भारतीय

Syed Mushtaq Ali Trophy: 23 साल के गेंदबाज जमशेद आलम 10 से कम गेंदों में 5 विकेट लेने वाले T20 में पहले भारतीय बन गए हैं. बड़ी बात ये है कि ये कमाल उन्होंने अपने T20 डेब्यू पर किया.

सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी 2026 में रेलवे का मुकाबला सौराष्ट्र की टीम से था. इंदौर के डैली कॉलेज ग्राउंड पर खेले जा रहे इस मुकाबले में रेलवे के तेज गेंदबाज जमशेद आलम का कहर बरपा. 23 साल के जमशेद आलम का ये डेब्यू T20 था, जिसे उन्होंने अपने लिए हमेशा के लिए यादगार बना लिया. ऐसा उन्होंने दो तरीकों से किया. पहला लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेकर और दूसरा 9 गेंदों पर यानी सिर्फ 10 गेंदों के अंदर ही 5 विकेट झटकने का कारनामा कर. T20 डेब्यू पर 5 विकेट लेने वाले जमशेद आलम भारत के छठे गेंदबाज हैं. लेकिन वो पहले ऐसे भारतीय गेंदबाज हैं, जिन्होंने 10 से कम यानी 9 गेंदों में 5 विकेट झटके हैं.

भारत का पहला और दुनिया का तीसरा गेंदबाज

क्रिकइंफो के डाटाबेस के अनुसार मेंस T20 में दुनिया में 9 से कम कम गेंदों में 5 विकेट लेने वाले सिर्फ दो गेंदबाज हैं. उनमें पहला नाम इंडोनेशिया के गेडे प्रियांदाना का है, जिन्होंने 2025 में कंबोडिया के खिलाफ 6 गेंदों में 5 विकेट लिए थे. वहीं दूसरा नाम फिनलैंड के महेश तांबे का है, जिन्होंने 2025 में ही एस्टोनिया के खिलाफ 8 गेंदों में 5 विकेट लेने का कारनामा किया था. मतलब जमशेद आलम T20 में 10 से कम गेंदों में 5 विकेट लेने वाले दुनिया तीसरे गेंदबाज हैं.

4 गेंदों पर 4 विकेट लेने वाले T20 में तीसरे भारतीय

SMAT 2026 में सौराष्ट्र के खिलाफ किए जमशेद आलम के कमाल में उनका एक और करिश्मा शामिल है. उन्होंने 5 में से 4 विकेट लगातार 4 गेंदों में लिए. इस तरह T20 में लगातार 4 गेंदों में 4 विकेट लेने वाले वो तीसरे भारतीय गेंदबाज हैं. उनसे पहले कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन हरियाणा के खिलाफ ये कमाल कर चुके हैं तो वहीं विदर्भ के दर्शन नालकंडे ने ये 4 गेंदों पर 4 विकेट कर्नाटक के खिलाफ साल 2021 में लिए थे.

4 गेंदों पर झटके इन बल्लेबाजों के विकेट

23 साल के पेसर जमशेद आलम ने अपने T20 डेब्यू पर सौराष्ट्र की इनिंग के चौथे ओवर में हार्विक देसाई, प्रेरक मांकड़, रुचिट अहीर और सम्मर गज्जर के विकेट लगातार 4 गेंदों में लिए. उन्होंने ओवर की तीसरी, चौथी, 5वीं और छठी गेंद पर चारों बल्लेबाजों को आउट किया. इसके ठीक अगले ओवर में उन्होंने सिद्धार्थ राणा का विकेट लेकर अपने 5 विकेट पूरे किए, जिससे 183 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही सौराष्ट्र की टीम 30 रन पर 6 विकेट गंवाकर मुश्किल स्थिति में आ गई.

जमशेद आलम का कहर, रेलवे ने सौराष्ट्र को हराया

जमशेद आलम ने अपने 5 विकेट 1.3 ओवर में 8 रन देते हुए हासिल किए. इसके बाद उन्होंने 4 ओवर का अपना पूरा कोटा पूरा किया मगर कोई और कामयाबी नहीं मिली. जमशेद आलम की इस असरदार गेंदबाजी का नतीजा रहा कि 20 ओवर में 183 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही सौराष्ट्र की टीम 29 रन से मुकाबला हार गई.

साकेत शर्मा
साकेत शर्मा

'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.

Read More