3 दिन के सफर में एलन ने क्या-क्या किया? ट्रंप पर हमले की कोशिश के आरोपी पर बड़े खुलासे

3 दिन के सफर में एलन ने क्या-क्या किया? ट्रंप पर हमले की कोशिश के आरोपी पर बड़े खुलासे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले की कोशिश के आरोपी कोल एलन के 3 दिन के ट्रेन सफर का खुलासा हुआ है. उसने ट्रेन यात्रा के दौरान बिखरे विचार लिखे, हमले से पहले माफी भरा ईमेल भेजा और वॉशिंगटन में भटकता रहा. डिनर पार्टी में हमले से पहले वह 30 घंटे वॉशिंगटन में रहा.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले की कोशिश के आरोपी कोल एलन को लेकर कई नए खुलासे हुए हैं. कोर्ट में पेश दस्तावेजों से पता चला है कि हमले से पहले उसने वॉशिगंटन में 30 घंटे कैसे बिताए. इससे पहले 3 दिन की ट्रेन यात्रा की और इस दौरान उसके मन में क्या चल रहा था.

31 साल के एलन ने 21 अप्रैल को लॉस एंजेलिस से वॉशिंगटन डीसी के लिए एकतरफा ट्रेन टिकट खरीदा. वह शिकागो में ट्रेन बदलकर आगे बढ़ा. सफर के दौरान वह अपने फोन में लगातार नोट्स लिखता रहा. उसने रास्ते की तस्वीरें खींची और अपने विचार नोट किए. इन नोट्स में कहीं भी हमले की साफ योजना नहीं दिखती. उसकी बातें इधर-उधर की और बिखरी हुई थीं.

किन जगहों का जिक्र किया?

एलन ट्रेन से सफर के दौरान जिन जगहों से गुजरा, उनका जिक्र किया. उसने न्यू मेक्सिको दक्षिण-पश्चिम अमेरिका के रेगिस्तान के बारे में लिखा कि वसंत में वहां हवा चलती है और दूर पवन चक्कियां दिखाई देती हैं. शिकागो पहुंचकर उसने ट्रेन बदली, उसने शिकागो को अच्छा शहर बताया और लिखा कि यह छोटे शहर जैसा लगता है, बस आकार में बड़ा है. पेनसिल्वेनिया के जंगलों को उसने परियों की दुनिया जैसा बताया.

वॉशिंगटन में 30 घंटे बिताए

एलन 24 अप्रैल को दोपहर में वॉशिंगटन डीसी पहुंचा. वहां उसने करीब 30 घंटे बिताए. इस दौरान वॉशिगंटन हिल्टन होटल के सीसीटीवी में वह बार-बार गलियारों में घूमता दिखा. एक बार वह होटल के जिम में गया, लेकिन तुरंत बाहर निकल आया.

हमले से कुछ मिनट पहले एलन ने अपने परिवार और दोस्तों को एक ईमेल भेजा, जो पहले से तय समय पर भेजा जाना था. इसमें उसने अपने किए के लिए माफी मांगी. उसने लिखा कि उसका मिशन उसे नुकसान पहुंचा सकता है, लेकिन उसने यह नहीं कहा कि वह मरने के लिए तैयार है. उसने यह भी कहा कि वह नहीं चाहता कि कोई निर्दोष व्यक्ति इसकी चपेट में आए.

उसके नोट्स और इमेल से क्या पता चला?

पूर्व एफबीआई अधिकारी जॉनी ग्रूसिंग के मुताबिक, एलन के विचार बहुत बिखरे हुए थे. वह एक तरफ लोगों से माफी मांग रहा था और दूसरी तरफ खुद को समाज का रक्षक बता रहा था. इससे पता चलता है कि वह अंदर से उलझन में था.

ग्रूसिंग ने कहा कि एलन में आत्ममोह और मानसिक अस्थिरता जैसे लक्षण दिखते हैं. वह खुद को एक ऐसा व्यक्ति मान रहा था जो अकेले ही बड़ी समस्या को ठीक कर सकता है और चाहता था कि लोग उसे पहचानें. वह मानसिक रूप से उलझा हुआ था, जिससे उसका व्यवहार और ज्यादा खतरनाक हो गया.

यह भी पढ़ें: क्या है फाइबर-ऑप्टिक ड्रोन, जो इजराइल के खिलाफ बना हिज्बुल्लाह का नया हथियार?

TV9 Bharatvarsh
TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More