Ranji Trophy: रियान पराग की टीम के खिलाफ दो गेंदबाजों ने हैट्रिक लेकर रचा इतिहास, एक दिन में गिरे 25 विकेट, 11 बल्लेबाजों का नहीं खुला खाता

Ranji Trophy: रियान पराग की टीम के खिलाफ दो गेंदबाजों ने हैट्रिक लेकर रचा इतिहास, एक दिन में गिरे 25 विकेट, 11 बल्लेबाजों का नहीं खुला खाता

रणजी ट्रॉफी में असम और सर्विसेज के बीच खेले जा रहे मैच के पहले दिन कुल 25 विकेट गिरे. इस दौरान सर्विसेज के दो गेंदबाजों ने असम की एक ही पारी में दो हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया.

Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन के दूसरे दौर की शुरुआत बेहद रोमांचक रही, जब असम-सर्विसेज मुकाबले के पहले दिन पहले दो सत्रों में एक ही पारी में दो हैट्रिक दर्ज की गई. रियान पराग की टीम पर सर्विसेज के दो गेंदबाजों ने खूब कहर बरपाया और हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया. रणजी इतिहास में ये पहली बार है जब दो गेंदबाज एक ही पारी में हैट्रिक चटकाए हैं. इस मुकाबले के पहले दिन कुल 25 विकेट गिरे. इस दौरान 11 बल्लेबाज अपना खाता भी नहीं खोल पाए.

क्या हुआ इस मैच में?

24 सालों में अपना पहला रणजी ट्रॉफी मैच आयोजित कर रहे तिनसुकिया डिस्ट्रिक्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन मैदान पर घरेलू टीम असम की शुरुआत बेहद खराब रही जब उसके पांच विकेट केवल 45 रन पर गिर गए. 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर दिग्गज खिलाड़ी रियान पराग (36 रन) सर्विसेज के बाएं हाथ के स्पिनर अर्जुन शर्मा का पहला शिकार बने. इसके बाद अर्जुन ने विकेटकीपर सुमित घाडीगांवकर और सिबशंकर रॉय को आउट कर सीजन की पहली रणजी ट्रॉफी हैट्रिक अपने नाम दर्ज की.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का असम का फैसला उस समय गलत साबित हो गया, जब अर्जुन के साथी और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहित जांगड़ा ने पारी की दूसरी हैट्रिक हासिल की. जांगड़ा ने सलामी बल्लेबाज प्रद्युन सैकिया को 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट किया. प्रद्युन सैकिया ने 42 गेंदों में 3 चौके 6 छक्कों की मदद से 52 रनों की पारी खेली. इसके बाद जांगड़ा ने 17वं ओवर की पहली और दूसरी गेंद पर मुख्तार हुसैन भार्गव लखर को आउट करके फर्स्ट क्लास में अपनी हैट्रिक हासिल की. इस तरह असम की पहली पारी 17.2 ओवर में केवल 103 रन पर सिमट गई.