अमेरिका भरोसेमंद नहीं, फिर भड़क सकता है युद्ध… ईरान का बड़ा दावा
ईरान ने दावा किया है कि अमेरिका किसी समझौते के प्रति गंभीर नहीं है और युद्ध फिर शुरू हो सकता है. सेना ने कहा कि वह पूरी तरह तैयार है. वहीं ट्रंप ने ईरान का प्रस्ताव ठुकरा दिया और कहा कि परमाणु हथियार नहीं बनने देंगे. सीजफायर के बावजूद दोनों देशों के बीच तनाव बना हुआ है.
ईरान और अमेरिका के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है और हालात फिर से बिगड़ सकते हैं. ईरान की सेना ने कहा है कि अमेरिका-इजराइल के साथ युद्ध दोबारा शुरू हो सकता है. ईरानी सेना के डिप्टी अधिकारी मोहम्मद जाफर असादी ने कहा कि अमेरिका किसी भी समझौते का सही तरीके से पालन नहीं कर रहा है.
असादी ने आरोप लगाया कि अमेरिकी अधिकारियों के बयान सिर्फ दिखावे के लिए हैं. उनका कहना है कि अमेरिका मीडिया के जरिए यह दिखाना चाहता है कि सब ठीक है, ताकि तेल की कीमतें नीचे न जाएं और वह खुद इस स्थिति से निकल सके. उन्होंने साफ कहा कि ईरान की सेना पूरी तरह तैयार है और अगर कोई हमला होता है, तो उसका जवाब दिया जाएगा.
ट्रंप ने ईरान का नया प्रस्ताव ठुकराया
यह बयान ऐसे समय आया है जब डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत के नए प्रस्ताव को ठुकरा दिया. ईरान की सरकारी एजेंसी के मुताबिक, ट्रंप ने कहा कि ईरान ऐसी शर्तें रख रहा है, जिन्हें वह मान नहीं सकते. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के नेता आपस में एकजुट नहीं हैं और अलग-अलग समूहों में बंटे हुए हैं.
दूसरी तरफ ट्रंप यह भी कह रहे हैं कि युद्ध अब खत्म हो चुका है, क्योंकि दोनों देशों के बीच सीजफायर लागू है. उन्होंने अमेरिका के वॉर पावर्स कानून को भी गलत बताया, जिसमें कहा गया है कि 60 दिनों के अंदर संसद से युद्ध की मंजूरी लेनी होती है.
पागलों के हाथों में परमाणु हथियार नहीं दे सकते: ट्रंप
इस बीच, ट्रंप ने एक कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका इस युद्ध में इसलिए है क्योंकि हम पागलों के हाथों में परमाणु हथियार नहीं जाने दे सकते. उनका कहना है कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना जरूरी है.
ईरान में 64 दिन से इंटरनेट बैन
ईरान में 64 दिन से इंटरनेट बैन है. इंटरनेट पर नजर रखने वाली संस्था NetBlocks के मुताबिक, देश लगभग पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से कट गया है. यह पाबंदियां जनवरी की शुरुआत में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद लगाई गई थीं और फरवरी के अंत में और कड़ी कर दी गईं. इंटरनेट बंद होने से देश में कामकाज और कारोबार पर बुरा असर पड़ा है और लोगों को काफी परेशानी हो रही है.
यह भी पढ़ें: TV9 की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट: तेहरान में 62 दिन से बच्चों और महिलाओं का प्रदर्शन



