6,6,6… वैभव सूर्यवंशी ने पहले ओवर में लगाई हैट्रिक, 8 छक्के जड़कर ठोकी तूफानी फिफ्टी

6,6,6… वैभव सूर्यवंशी ने पहले ओवर में लगाई हैट्रिक, 8 छक्के जड़कर ठोकी तूफानी फिफ्टी

वैभव सूर्यवंशी के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत अच्छी नहीं हुई थी और लगातार 2 मैच में वो नाकाम रहे थे. मगर तीसरे मैच में उन्होंने सारा गुस्सा उतारते हुए छक्कों की बारिश की और तूफानी अर्धशतक जमा दिया.

टीम इंडिया के युवा सुपरस्टार वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड में एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला. फिर एशिया कप राइजिंग स्टार्स में इंडिया ए के लिए खेलते हुए उनकी शुरुआत अच्छी नहीं रही और दोनों मुकाबलों में वो नाकाम रहे. मगर तीसरे मैच में वैभव ने पूरी कसर निकाल दी. यूएई के खिलाफ टूर्नामेंट के तीसरे मैच में वैभव ने आते ही छक्कों की बारिश कर दी और पहले ओर में ही छक्कों की हैट्रिक लगा दी. वो इतने पर भी नहीं रुके और इसके बाद भी छक्के बरसाते हुए सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया.

दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स के अपने तीसरे मैच में इंडिया ए को जीत के लिए 250 रन का लक्ष्य मिला. नजरें वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा की जोड़ी पर थीं. खास तौर पर वैभव पर रन बनाने का दबाव था क्योंकि पिछले दोनों मैच में उनका बल्ला नहीं चला था. फिर पहले ओवर में ही लगातार 2 गेंदें खाली निकलने के बाद ये आशंका होने लगी कि कहीं फिर से दबाव में तो नहीं आ गए. मगर अगली 3 गेंदों पर ही वैभव ने सबका जवाब दे दिया.

छक्कों की हैट्रिक, विस्फोटक फिफ्टी

वैभव ने जाहिद अली के खिलाफ तीसरी, चौथी और पांचवीं गेंद पर लगातार 3 छक्के जमा दिए. मगर वो इतने से शांत होने वाले नहीं थे. 15 साल के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव ने अगले ओवर में भी 2 छक्के और एक चौका जमाया. तीसरे ओवर में आए बेसिल हमीद को भी वैभव सूर्यवंशी ने नहीं बख्शा. इस ओवर में भी उन्होंने 3 छक्के ठोक दिए. तीसरे छक्के के साथ ही वैभव का अर्धशतक भी पूरा हो गया.

उनका ये अर्धशतक सिर्फ 16 गेंदों में आया था, जिसमें 8 छक्के और 1 चौका शामिल था.वैभव की विस्फोटक बैटिंग का आलम ये था कि इंडिया ए ने सिर्फ 3 ओवर में ही पचास रन पूरे कर लिए. इसमें से 16 गेंदों में 54 रन वैभव के और 2 गेंदों में 2 रन अभिषेक शर्मा के थे. इस एशिया कप में वैभव का ये पहला ही अर्धशतक है.

हरप्रीत ने जमाया शतक

इससे पहले UAE ने अपने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 249 रन बनाए. टीम के लिए हरप्रीत सिंह ने बेहतरीन शतक जमाया. भारत के लिए अंडर-19 वर्ल्ड कप में खेल चुके हरप्रीत ने 144 गेंदों में 130 रन की दमदार पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 12 चौके और 4 छक्के जमाए. इंडिया ए के लिए अरशद खान ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. उन्हें प्रिंस यादव की जगह इस मैच में मौका दिया गया था.

सुमित सुन्द्रियाल
सुमित सुन्द्रियाल

इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.

Read More