5 बार जीता स्टेट फिल्म अवॉर्ड, की 300 से ज्यादा फिल्में, कौन हैं दादासाहेब अवॉर्ड जीतने वाले अनंत नाग?
साउथ के जाने माने एक्टर अनंत नाग को दादा साहब अवॉर्ड से सम्मानित करने का ऐलान हुआ है.पीएम मोदी ने उन्हें बधाई भी दे दी है. ऐसे में चलिए जानते हैं कि अनंत नाग कौन हैं और उनका फिल्म सफर कैसा रहा है?
भारतीय सिनेमा में कई ऐसे कलाकार रहे हैं, जिन्होंने अपनी शानदार अदाकारी से दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज किया हैं. इन्हीं दिग्गज कलाकारों में एक नाम अनंत नाग का भी है. कन्नड़ सिनेमा से अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने वाले अनंत नाग ने सिर्फ एक भाषा की फिल्मों तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि हिंदी, मराठी, मलयालम, तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई. अपने लंबे करियर में वह अलग-अलग तरह के किरदार निभा चुके हैं और उनकी गिनती सिनेमा के उन कलाकारों में होती है, जिन्होंने पर्दे पर अपनी सादगी और दमदार अभिनय से खास जगह बनाई है.
अनंत नाग को उनके योगदान के लिए कई बड़े सम्मान भी मिल चुके हैं. वहीं, अब उन्हें दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जाएगा. 22 सितंबर को एक्टर को अवॉर्ड से नवाजा जाएगा. 16 सितंबर प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर उन्हें बधाई भी दी है. चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं कि अनंत नाग कौन हैं और अब तक कितने फिल्मों में काम किया.
ये भी पढ़ें: सोनल चौहान से उर्वशी ढोलकिया तक सितारों ने मनाई गणेश चतुर्थी, शेयर की खूबसूरत तस्वीरें
अनंत नाग ने ऐसे की अभिनय की शुरुआत
अनंत नाग का पूरा नाम अनंत नागरकट्टे हैं. उनका जन्म 4 सितंबर 1948 में उत्तर कन्नड़ जिले के शिराली में हुआ था. हालांकि, उन्होंने पढ़ाई के लिए मुंबई का रुख किया. लेकिन पढ़ाई के दौरान ही अनंत नाग को अभिनय का दिलचस्पी होनी शुरु हुई. एक्टर ने थिएटर से अपने करियर की शुरुआत की थी. इस दौरान उन्होंने हिंदी, कोंकणी और मराठी नाटकों में काम किया. उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद भी किया. इसके बाद एक्टर ने हिंदी फिल्म ‘अंकुर’ से सिनेमा में कदम रखा था.
अपने लंबे फिल्मी करियर में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है, जिनमें 250 से अधिक कन्नड़ फिल्में शामिल हैं. इसके अलावा उन्होंने हिंदी, तेलुगु, तमिल, मराठी, मलयालम और अंग्रेजी फिल्मों में भी अभिनय किया है. वहीं, एक्टर ने यश की फिल्म केजीएप चैप्टर 1 में दमदार रोल निभाया था.



