Bigg Boss 20 में ‘छोटा भीम’ पर हंगामा, भड़क गईं अरिश्फा खान, कैप्टेंसी टास्क में क्या हुआ?

Bigg Boss 20 में ‘छोटा भीम’ पर हंगामा, भड़क गईं अरिश्फा खान, कैप्टेंसी टास्क में क्या हुआ?

'बिग बॉस 20' के 18वें दिन 'छोटा भीम' के गाने पर अरिश्फा और आम्रपाली भिड़ीं. कैप्टेंसी टास्क में काजी की टीम को धोकर यंग डीएसए के गुट ने बाजी मारी और मैरी कॉम घर की नई कैप्टन बनीं.

Bigg Boss 20 Episode 18 Highlights: ‘बिग बॉस 20’ के 18वें दिन का सूरज घर में इमोशंस का सैलाब, किचन की बगावत और कैप्टेंसी की जंग का नया बवंडर लेकर आया. एक तरफ जहां खेल के दिग्गज अपने अतीत के जख्मों को याद कर रोते दिखे, वहीं दूसरी तरफ कैप्टेंसी के ताज के लिए चले दांव-पेच ने घर के समीकरणों को पूरी तरह उलटकर रख दिया. एपिसोड की शुरुआत बेहद भावुक माहौल में हुई. देश को कई गोल्ड मेडल दिलाने वाली बॉक्सिंग लेजेंड मैरी कॉम, ईशा रिखी के सामने अपने आंसुओं पर काबू नहीं कर पाईं.

मैरी ने अपनी जिंदगी के शुरुआती संघर्षों को याद करते हुए कहा, “मैंने बहुत छोटी उम्र में इतना कुछ झेला है कि एक वक्त ऐसा आ गया था जब लगा सब कुछ छोड़कर कहीं दूर चली जाऊं.” मैरी कॉम को रोता देख आम्रपाली दुबे उन्हें समझाती नजर आईं कि अगर वे खुद हिम्मत हारेंगी तो बाकी लोग खुद को कैसे संभालेंगे. इसी बीच रीति तिवारी ने भी अपनी निजी जिंदगी का दर्द शेयर किया. रीति ने खुलासा किया कि वे करीब ढ़ाई साल तक एक ‘सिचुएशनशिप’ में थीं, जहां उन्हें सच्चा प्यार हुआ लेकिन सामने वाला शख्स उन्हें धोखा देकर चला गया.

‘छोटा भीम’ पर हंगामा

सुबह सुबह ‘बिग बॉस‘ के घर का माहौल तब जंग के मैदान में तब्दील हो गया जब आम्रपाली दुबे और यंग डीएसए मस्ती-मस्ती में ‘छोटा भीम’ का गाना गुनगुनाने लगे. अरिश्फा खान को लगा कि यह गाना उनके कद और पर्सनैलिटी पर तंज के तौर पर कसा जा रहा है. अरिश्फा ने पूछा, “यह गाना किसके लिए गाया जा रहा है?” इस पर यंग ने तंज कसते हुए कहा, “तू है क्या छोटा भीम? यह मेरा पसंदीदा गाना है, मैं अपने लिए गा रहा हूं.” बात इतनी बढ़ गई कि अरिश्फा ने आम्रपाली और यंग को ‘बुली गैंग’ करार दे दिया. अरिश्फा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह लोग हमेशा झुंड में आते हैं और झुंड में जाते हैं. वहीं आम्रपाली ने पलटवार करते हुए कहा कि अरिश्फा को हर बात में सिर्फ खुद की इनसिक्योरिटी और ‘मैं-मैं’ नजर आती है.

गुल्लू की कप्तानी पर उठे सवाल

इस ड्रामे की आग सीधे किचन तक जा पहुंची. कुशाल तंवर (गुल्लू) की कप्तानी से नाराज होकर आम्रपाली, लव गिल और मैरी कॉम ने खाना बनाने की ड्यूटी करने से साफ इनकार कर दिया. आम्रपाली ने खुले तौर पर कहा कि गुल्लू सबसे बेकार कैप्टन हैं क्योंकि वे अरिश्फा की गलतियों पर मुंह नहीं खोलते. इधर, माही विज ने घरवालों को नसीहत देते हुए कहा कि खाना सबको खाना है, इसलिए किचन को ईगो क्लैश का अखाड़ा न बनाया जाए. वहीं अरिश्फा ने बागी तेवर दिखाते हुए ऐलान किया कि अगर किसी को उनसे दिक्कत है, तो वे अपना खाना खुद बना लेंगी.

कैप्टेंसी टास्क में यंग की टीम का दबदबा

माहौल को गरमाता देख ‘बिग बॉस’ ने घर के 18वें दिन कैप्टेंसी टास्क का बिगुल फूंका. घरवालों को दो खेमों में बांटा गया. एक तरफ थी काजी तौकीर की टीम और दूसरी तरफ यंग डीएसए की टोली. इस पूरे मुकाबले के निष्पक्ष संचालन की जिम्मेदारी गुल्लू के कंधों पर थी. टास्क के दौरान दोनों टीमों के बीच जबरदस्त खींचातानी और जुबानी जंग देखने को मिली. लेकिन रणनीति और यूनिटी के मामले में यंग डीएसए की टीम पूरी तरह भारी पड़ी.

ये भी पढ़ें-

फिर धमाल मचाने लौट रहे आर्यन खान, कब शुरू होगी द बैड्स ऑफ बॉलीवुड सीजन 2 की शूटिंग?

झूठ की बुनियाद पर चल रहा था गेम? कुशाल तंवर के दावों की खुली पोल, शादी और तलाक पर बड़ा खुलासा

यंग की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए तीनों राउंड में जीत हासिल की और काजी तौकीर की टीम का सूपड़ा साफ कर दिया. सूत्रों की माने टास्क जीतने के बाद आपसी सहमति और जीत के आधार पर मैरी कॉम को ‘बिग बॉस 20’ के घर का नया कैप्टन चुन लिया गया है. अब देखना यह होगा कि क्या बॉक्सिंग रिंग में विरोधियों को नॉकआउट करने वाली मैरी कॉम ‘बिग बॉस’ के इस घर में किचन पॉलिटिक्स और गुटबाजी को अपने पंच से काबू कर पाएंगी.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More