पान मसाला एड: अजय देवगन-टाइगर श्रॉफ ने FDA को दिया जवाब, शाहरुख खान का इंतजार
महाराष्ट्र FDA ने तीनों अभिनेताओं को 'विमल इलायची' के विज्ञापन के जरिए कथित तौर पर प्रतिबंधित पान मसाला का अप्रत्यक्ष (सरोगेट) प्रचार करने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया था.
विमल इलायची से जुड़े विज्ञापन मामले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) जांच कर रही है. आरोप है कि किसी अन्य प्रोडक्ट का नाम या स्वरूप बताकर अलग प्रोडक्ट की बिक्री को बढ़ावा दिया जा रहा है. इसी केस में FDA ने बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन, टाइगर श्रॉफ और शाहरुख खान को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था.
जानकारी के मुताबिक एफडीए के नोटिस का अजय देवगन, टाइगर श्रॉफ ने रिप्लाई कर दिया है, लेकिन शाहरुख खान के जवाब का अब तक इंतजार है.
FDA ने तीनों अभिनेताओं से मांगा था जवाब
FDA सूत्रों के अनुसार, यह नोटिस एडवरटाइजिंग एंड क्लेम्स रेगुलेशन, 2018 (Advertising and Claims Regulations, 2018) के कथित उल्लंघन को लेकर जारी किए गए थे. FDA ने तीनों अभिनेताओं से विज्ञापन और उससे जुड़े दावों को लेकर जवाब मांगा था.
अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ ने भेजा जवाब
सूत्रों के अनुसार, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ की ओर से जवाब करीब दो दिन पहले मिल चुका है. FDA इन दोनों जवाबों का फिलहाल जांच कर रहा है. वहीं, शाहरुख खान की ओर से अभी तक जवाब हासिल नहीं हुआ है. FDA की ओर से उनके जवाब का इंतजार किया जा रहा है.
गुटखा, पान मसाला और तंबाकू से जुड़े प्रोडक्ट्स बैन
बता दें कि महाराष्ट्र में गुटखा, पान मसाला और तंबाकू से जुड़े सभी प्रोडक्ट्स बैन हैं. FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने बताया था कि महाराष्ट्र में साल 2012 से ही गुटखा, पान मसाला और तंबाकू से जुड़े प्रोडक्ट्स पर रोक लगाई गई है. उनका मानना है कि जो एक्टर्स इसके विज्ञापन कर रहे हैं, उसकी जांच की जा रही है.
मुझे पता है मैं भगवान नहीं हूं: कमिश्नर
तुकाराम मुंढे ने कहा कि FDA कमिश्नर का चार्ज संभालने के बाद से FDA के काम में आई 300% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है और यह सब आंकड़ों में दिख रहा है. साथ ही उन्होंने कहा कि मुझे पता है, कि मैं भगवान नहीं हूं. बता दें कि बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा था कि क्या आप खुद को भगवान (God) समझते हैं कि कुछ भी कर सकते हैं. वहीं बिना कोर्ट को सम्बोधित किये एक सवाल के आधार पर तुकाराम मुंढे ने यह बयान दिया है.




