सिक्के के बाद पासपोर्ट पर ट्रंप की फोटो, स्पेशल तरीके से 250वीं सालगिरह मनाने जा रहा अमेरिका

सिक्के के बाद पासपोर्ट पर ट्रंप की फोटो, स्पेशल तरीके से 250वीं सालगिरह मनाने जा रहा अमेरिका

अमेरिकी पासपोर्ट में राष्ट्रपति ट्रंप की तस्वीर का होना, उनकी छवि के इस्तेमाल का सबसे नया और अनोखा उदाहरण है. उनकी तस्वीर का इस्तेमाल ऐसी चीजों के लिए किया जा रहा है, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि वे अमेरिका की आजादी की 250वीं सालगिरह के जश्न को लेकर बनाई गई हैं.

ईरान के साथ जारी संकट के बीच अमेरिका अपनी आजादी के 250वां साल जश्न के साथ मनाने की तैयारी में लगा है. अमेरिका के विदेश विभाग के एक अधिकारी ने कल मंगलवार को बताया कि सरकार जल्द ही ऐसे पासपोर्ट जारी करने जा रही है, जिनके अंदर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर लगी होगी. अधिकारी ने कहा कि यह पासपोर्ट “वॉशिंगटन पासपोर्ट एजेंसी की ओर से जारी होने वाला डिफ़ॉल्ट पासपोर्ट होगा” (जब यह उपलब्ध होगा) उन लोगों के लिए जो उस जगह पर जाकर निजी तौर अपना पासपोर्ट रिन्यू करवाते हैं.

अधिकारी ने कहा, “ऑनलाइन विकल्पों या अन्य जगहों से मिलने वाले पासपोर्ट का डिजाइन मौजूदा डिजाइन जैसा ही रहेगा.” अमेरिकी पासपोर्ट में राष्ट्रपति ट्रंप की तस्वीर का होना, उनकी छवि के इस्तेमाल का सबसे नया और अनोखा उदाहरण है. उनकी तस्वीर का इस्तेमाल ऐसी चीजों के लिए किया जा रहा है, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि वे अमेरिका की आजादी की 250वीं सालगिरह के जश्न में बनाई गई हैं. खासतौर से तैयार सिक्के या नेशनल पार्क पास के इतर, अमेरिकी पासपोर्ट पहचान का एक ऐसा दस्तावेज है जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली हुई है और जो आम तौर पर 10 साल के लिए वैध होता है.

पासपोर्ट पर ट्रंप की फोटो और हस्ताक्षर

नए पासपोर्ट के एक नमूने (Mockup) के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप का चेहरा और उनके सुनहरे रंग के हस्ताक्षर अंदरूनी कवर पर दिखाई देंगे. विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कल कहा, “अमेरिका जुलाई में अपनी 250वीं सालगिरह मनाने जा रहा है, विदेश विभाग इस ऐतिहासिक अवसर को खास बनाने के लिए खास तौर पर डिजाइन किए गए कुछ सीमित संख्या में अमेरिकी पासपोर्ट जारी करने की तैयारी कर रहा है.”

Trump X

उन्होंने कहा, “इन पासपोर्ट में खास तरह की कलाकृतियां और बेहतरीन तस्वीरें होंगी, साथ ही इनमें वही सुरक्षा विशेषताएं भी बरकरार रहेंगी जो अमेरिकी पासपोर्ट को दुनिया का सबसे सुरक्षित दस्तावेज बनाती हैं.” इस रिपोर्ट की जानकारी सबसे पहले ‘द बुलवार्क’ ने दी थी, और इसके बाद ‘फॉक्स न्यूज़’ ने सबसे पहले इस नए पासपोर्ट का सैंपल प्रकाशित किया था.

कितने खास पासपोर्ट जारी करेगा अमेरिका

विदेश विभाग इस गर्मियों में ये पासपोर्ट जारी करना शुरू करेगा. हालांकि अभी यह साफ नहीं हो सका है कि कितने पासपोर्ट जारी किए जाएंगे. पासपोर्ट के नमूने के मुताबिक, इसके पिछले कवर पर जॉन ट्रंबल की पेंटिंग “द डिक्लेरेशन ऑफ इंडिपेंडेंस” की एक इमेज लगाई जाएगी.

अभी, अमेरिकी पासपोर्ट के फ्रंट कवर के बाद अंदर की ओर पर्सी मोरन की बनाई हुई फ्रांसिस स्कॉट की एक तस्वीर होती है. यह तस्वीर फोर्ट मैकहेनरी पर बमबारी के ठीक अगली सुबह की है यह वही लड़ाई थी जिसने उनको वह गीत लिखने के लिए प्रेरित किया जो आगे चलकर अमेरिका का राष्ट्रगान बना. राष्ट्रगान की कुछ लाइन भी अगले कवर के अंदर छपी होती हैं.

सिक्के पर ट्रंप की लगी होगी तस्वीर

गृह विभाग जो देश के नेशनल पार्कों की देखरेख करता है, ने पिछले साल ऐलान किया था कि वह पार्क पास के लिए “यादगार के रूप में कुछ नए डिजाइन” पेश कर रहा है. इनमें से एक डिजाइन में जॉर्ज वॉशिंगटन के साथ-साथ ट्रंप का चेहरा भी दिखाया गया है. विभाग की वेबसाइट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में सेक्रेटरी डग बर्गम ने कहा, “यह विभाग के लिए बेहद गौरव की बात है कि वह अमेरिका द ब्यूटीफुल पास को पेश कर रहा है, जो अमेरिका की 250वीं सालगिरह और उन पीढ़ियों का सम्मान करता है जिन्होंने हमारी जमीनों की रक्षा की है.”

पिछले महीने, ट्रंप द्वारा चुनी गई कमीशन ऑफ फाइन आर्ट्स ने अमेरिका के 250वें सालगिरह के अवसर पर एक स्मारक सिक्का जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी, जिस पर राष्ट्रपति ट्रंप की तस्वीर लगी होगी. यही नहीं पिछले साल, ट्रंप का नाम केनेडी सेंटर और US इंस्टीट्यूट ऑफ पीस दोनों के साथ भी जोड़ा गया था.

TV9 Bharatvarsh
TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More