मुझे बॉलीवुड शब्द पसंद नहीं… KBC 18 के मंच पर डॉक्टर की बात सुन क्यों अमिताभ बच्चन ने जताई आपत्ति?
KBC 18 के लेटेस्ट एपिसोड में जब के डॉ. गणेश बरैया ने अमिताभ बच्चन को 'बॉलीवुड का शहंशाह' कहा, तब बिग बी ने मुस्कुराते हुए टोक दिया. जानिए केबीसी के सेट का ये दिलचस्प किस्सा.
Kaun Banega Crorepati 18: ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. हाल ही में सोनी टीवी पर ऑन एयर हुए एपिसोड में गुजरात के भावनगर से बहादुर और मेधावी डॉ. गणेश बरैया हॉटसीट पर पहुंचे. उनका कद सिर्फ 3 फीट है, लेकिन उनका हौसला काफी ऊंचा है. डॉ. गणेश की संघर्ष भरी कहानी और उनके जज्बे को देखकर अमिताभ बच्चन ने उनकी खूब तारीफ की. लेकिन इसी बीच सेट पर एक ऐसा पल भी आया जब बिग बी ने बहुत ही शालीनता से एक शब्द के इस्तेमाल पर अपनी असहमति जताई. बातचीत के दौरान जब डॉक्टर साहब ने बिग बी और बॉलीवुड की तारीफ में कसीदे पढ़े, तो अमिताभ बच्चन ने उन्हें एक बेहद अहम सीख दी.
दरअसल, गेम के दौरान बिग बी ने डॉक्टर गणेश से हल्के-फुल्के अंदाज में मजाक करते हुए कहा कि हम बाहर से जैसे दिखते हैं वो तो ठीक है, लेकिन कभी कोई इलाज कराने की नौबत आई तो हम आपके पास ही आएंगे. इस पर डॉक्टर गणेश मुस्कुराते हुए बोले, “आप तो ‘बॉलीवुड के शहंशाह’ हैं, इतने बड़े दिग्गज कलाकार हैं. आपको मेरे जैसे छोटे से डॉक्टर के इलाज की क्या जरूरत पड़ेगी.”
स्वास्थ्य के मामले में सब बराब- बिग बी
यह सुनते ही अमिताभ बच्चन ने मुस्कुराते हुए कहा, “डॉक्टर साहब, ये जो आपने तीन-चार उपाधियां दे दीं. शहंशाह और न जाने क्या-क्या लेकिन इनका डॉक्टरी और स्वास्थ्य से क्या लेना-देना? स्वास्थ्य के मामले में तो हम सब बराबर ही हैं.”
हमें बॉलीवुड शब्द पसंद नहीं- बिग बी
इसी बातचीत को आगे बढ़ाते हुए अमिताभ बच्चन ने उस शब्द पर आपत्ति जताई, जिसका इस्तेमाल भारतीय सिनेमा के लिए अक्सर किया जाता है. उन्होंने डॉ. गणेश को टोकते हुए बड़े प्यार से समझाया और कहा,”और एक बात डॉक्टर साहब, ये जो शब्द है न बॉलीवुड…ये हमें बिल्कुल पसंद नहीं है. आप इसे भारतीय फिल्म इंडस्ट्री कहिए.” बिग बी की इस बात पर डॉ. गणेश ने तुरंत सिर हिलाकर सहमति जताई और अपनी बात सुधारी. अमिताभ बच्चन कई सालों से ये मानते आए हैं कि हमारी अपनी एक समृद्ध भाषाई और सांस्कृतिक पहचान है. इसलिए हिंदी सिनेमा को किसी विदेशी शब्द के पैरोडी के रूप में बॉलीवुड कहने के बजाय भारतीय फिल्म इंडस्ट्री कहना ही इसका असली सम्मान है.
ये भी पढ़ें-
सिगरेट के डिब्बे पर लिखा देशभक्ति गीत, जो बना सदी का सबसे मशहूर गाना, पहले लता ने कर दिया था रिजेक्ट
KBC 18 के मंच पर सितारों का तांता
आपको बता दें कि टीवी का सबसे पसंदीदा शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ अपने 18वें सीजन के साथ एक बार फिर दर्शकों के दिलों पर राज कर रहा है. इस नए सीजन के ग्रैंड प्रीमियर पर मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां दस्तक दे चुकी हैं. आमिर खान से लेकर फिल्म ‘बंटवारा 1947’ की स्टारकास्ट सनी देओल और प्रीति जिंटा तक कई बड़े सितारे इस मंच पर आकर बिग बी के साथ अपनी यादें साझा कर चुके हैं. हमेशा की तरह इस बार भी अमिताभ बच्चन का अपने कंटेस्टेंट्स के साथ जुड़ाव, उनका सेंस ऑफ ह्यूमर और जीवन के प्रति उनका नजरिया इस शो को हर उम्र के दर्शकों के लिए बेहद खास बना देता है.




