लोग बीमार पड़ रहे हैं, शर्म करो… घर में गंदगी देख भड़क गए बिग बॉस, फुटेज दिखाकर लगाई घरवालों की क्लास!

लोग बीमार पड़ रहे हैं, शर्म करो… घर में गंदगी देख भड़क गए बिग बॉस, फुटेज दिखाकर लगाई घरवालों की क्लास!

बिग बॉस 20 के घर में फैली गंदगी पर बिग बॉस का गुस्सा फूट पड़ा है. फुटेज दिखाकर फटकार लगाते हुए उन्होंने कहा कि अस्वच्छता की वजह से कंटेस्टेंट्स बीमार पड़ रहे हैं.

‘बिग बॉस 20’ के घर में सिर्फ साजिशें और झगड़े ही चरम पर नहीं हैं, बल्कि कंटेस्टेंट्स की लापरवाही ने अब घर के सफाई की भी धज्जियां उड़ा दी हैं. हालिया एपिसोड में घरवालों को उस वक्त जोरदार झटका लगा, जब बिग बॉस ने आपसी राजनीति से हटकर घर की बदतर हालत पर सीधे वार किया. टीवी स्क्रीन्स पर खुद को सुपरस्टार और हाइजीनिक दिखाने वाले कंटेस्टेंट्स की पोल तब खुल गई जब बिग बॉस ने पूरे घर को एक कूड़ेदान की तरह तब्दील होते दिखाया और दो टूक चेतावनी दी कि इस गंदगी की वजह से घर के लोग लगातार बीमार पड़ रहे हैं.

मामले की शुरुआत लिगेसी रूम में कैप्टन कुशल तंवर उर्फ गुल्लू की कप्तानी के रिव्यू से हुई थी. घरवालों को गुल्लू के काम से खुश होने पर लाल गुलाब और नाराज होने पर काला गुलाब देना था. कांटे की टक्कर में गुल्लू को 7 लाल और 6 काले गुलाब मिले. इस मामूली बढ़त के साथ गुल्लू न सिर्फ अपनी कैप्टेंसी बचाने में कामयाब रहे, बल्कि माही विज और उदिती सिंह के साथ अगली कैप्टेंसी की दावेदारी में भी शामिल हो गए.

बिस्तर के पीछे कचरा और सिंक में सड़ते बर्तन

गुल्लू अपनी जीत का जश्न मना ही रहे थे कि बिग बॉस ने लिविंग एरिया की स्क्रीन पर ऐसी तस्वीरें चला दीं जिसे देखकर घरवालों के सिर शर्म से झुक गए. फुटेज में साफ दिखा कि खाने के बाद के जूठे बर्तन घंटों तक इधर-उधर लावारिस पड़े हुए हैं.

साथ ही घर के हर कोने में गंदे कपड़े बिखरे पड़े हैं. स्नैक बॉक्सेज, कचरा और दूध के खाली डिब्बे कंटेस्टेंट्स ने बेड के पीछे छुपाकर फेंक रखे हैं. इस गंदगी से बिग बॉस का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया. उन्होंने तीखे लहजे में सवाल किया कि इतने आलीशान घर में रहने वाले सितारे इतनी शर्मनाक और अनहायजिनीक हालात में कैसे रह सकते हैं? बिग बॉस ने यह भी याद दिलाया कि पिछले कुछ दिनों से घर के कई सदस्य लगातार अस्वस्थ हो रहे हैं, और इसकी सबसे बड़ी वजह घर में पसरा यह कचरा और मक्खियां हैं.

ये भी पढ़ें- जब शान को शाहरुख खान समझकर भीड़ ने घेरा, पेट्रोल पंप पर मच गई थी अफरा-तफरी

फटकार लगते ही हाथों में आए पोछे और झाड़ू

बिग बॉस की इस कड़ी डांट का असर तुरंत देखने को मिला. कैमरे पर अपनी बेइज्जती होते देख सितारे अपनी अकड़ भूलकर सीधे सफाई अभियान में जुट गए. कोई सिंक साफ करता दिखा तो कोई बेड के पीछे से कचरा बटोरता नजर आया. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने कैप्टन गुल्लू की कप्तानी पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है. भले ही वे जोड़-तोड़ करके दोबारा दावेदार बन गए हों, लेकिन घर को इस कचरा-पट्टी जैसी हालत में पहुंचाने के लिए विरोधी गुट अब गुल्लू की लीडरशिप पर उंगलियां उठाने से पीछे नहीं हटेगा. देखना दिलचस्प होगा कि यह सफाई सिर्फ बिग बॉस के डर से एक दिन का दिखावा है या फिर घरवाले सच में अपनी आदतें सुधारेंगे!

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More