हम खुद को रोक नहीं पाए…अस्पताल में इस शख्स को गले लगाकर 10 मिनट रोए थे धर्मेंद्र
Dharmendra Feroz Khan Trivia: धर्मेंद्र को हर कोई ही-मैन समझता है, मगर उनका दिल भी किसी बच्चे के जैसी ही है. सलमान खान के एक शो में उन्होंने बताया था कि कैसे वो अपने दोस्त से जब अस्पताल में मिलने गए थे तो 10 मिनट तक गले लग कर रोते रहे थे.
Dharmendra Feroz Khan Trivia: धर्मेंद्र की सेहत इन दिनों ठीक नहीं है. वो पिछले कुछ दिनों से मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू में थे. हालांकि हालत में सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से घर ले जाया गया है. अब धर्मेंद्र का इलाज घर पर ही चलेगा. 89 साल के एक्टर हमेशा अपनी ही-मैन की छवि के लिए मशहूर रहे, लेकिन कम लोगों को ही पता होगा कि वो एक मासूम दिलवाले भी हैं, जो छोटी सी बात पर भी रो देते हैं, हालांकि आंसू कभी किसी को दिखाते नहीं. ऐसे ही एक बार अपने एक दोस्त से अस्पताल में मुलाकात के दौरान धर्मेंद्र रो दिए थे. क्या था वो किस्सा, आइए बताते हैं.
साल 2009 में धर्मेंद्र बेटे सनी देओल के साथ सलमान खान के क्विज शो ’10 का दम’ में पहुंचे थे. इस दौरान उनसे कई सवाल हुए. इसी बीच सलमान ने सवाल किया, “कितने प्रतीशत भारतीय मानते हैं कि असली मर्द आंसू नहीं बहाते?” इस सवाल पर धर्मेंद्र ने कहा, “मेरे खयाल से 70 पर्सेंट नहीं बहाते हैं.” जब सलमान धर्मेंद्र से आंसू बहाने के बारे में पूछते हैं तो वो जवाब देते हैं, “हां, जितना तगड़ा (इमेज) है, तो छुपके जाकर बहाकर, पोछ कर आ जाते हैं हम लोग. कई दफा नहीं कंट्रोल होता है. हमेशा नहीं, लेकिन कभी कभी ये होता है.” हालांकि उन्होंने साफ किया कि कभी भी शारीरिक दर्द के लिए आंसू नहीं बहाए, हमेशा इमोशनल वजह ही आंसू के पीछे रही.

धर्मेंद्र और फिरोज खान
धर्मेंद्र ने सुनाया रोने का किस्सा
धर्मेंद्र ने अपने रोने का किस्सा शेयर करते हुए बताया था, “पिछले दिनों मेरा बहुत ही प्यारा यार, फिरोज खान के लिए गया था मैं, हॉस्पिटल में. सोचकर गया था मैं इसको तसल्ली दूंगा. उसने ऐसे हंसते हंसते हाथ खोल दिए, सीने से लगे तो हम दोनों कंट्रोल नहीं कर पाए. शायद हम दोनों ने एक दूसरे को 10 मिनट नहीं छोड़ा था, वो भी रो रहा था, मैं भी रो रहा था. ये होता है.” धर्मेंद्र का कहना था कि इमोशनल लोग आंसू बहाते हैं.
कब हुआ था फिरोज खान का निधन?
दिग्गज अभिनेता फिरोज खान का निधन 27 अप्रैल 2009 को हुआ था. वो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. 73 साल की उम्र में कर्नाटक के बेंगलुरू में उन्होंने आखिरी सांस ली थी. धर्मेंद्र और फिरोज खान बेहद अच्छे दोस्त थे. दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम किया था. उनकी फिल्मों आदमी और इंसान, चुनौती और इंटरनेशनल क्रूक जैसी फिल्में शामिल हैं.



