बहुत भयानक था…40 दिनों में कम हुआ 15 KG वजन, ‘दृश्यम 3’ की इशिता दत्ता ने बताया दर्द
अजय देवगन की हालिया रिलीज फिल्म 'दृश्यम 3' में नज़र आने वाली एक्ट्रेस इशिता दत्ता ने अपना वजन कम होने की सच्चाई बताई है. उन्होंने बताया कि बीमारी की वजह से 40 दिनों में उनका 15 किलो वजन घट गया था.
Drishyam 3 Ishita Dutta: अजय देवगन स्टारर ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में नज़र आईं एक्ट्रेस इशिता दत्ता ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी के दौरान काफी मुश्किल वक्त देखा. उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि प्रग्नेंसी के आखिरी दिनों में उन्हें गॉलब्लैडर में स्टोन हो गया था, जिसकी वजह से उन्हें हर हफ्ते दर्द होता था. अब एक्ट्रेस ने बताया कि बीमारी और ऑपरेशन के बाद 40 दिनों में उनका वजन 15 किलो तक घट गया था.
इशिता दत्ता और उनके पति वत्सल सेठ ने साल 2025 में दूसरी बार माता-पिता बने थे. इससे पहले साल 2023 में उनके बेटे वायु का जन्म हुआ था. हालांकि, दूसरी प्रेग्नेंसी के आखिरी दिनों में इशिता की तबीयत खराब हो गई थी. उन्हें गॉलब्लैडर में स्टोन होने का पता चला था. इसके अलावा, समय से पहले डिलीवरी होने की आशंका के चलते उन्हें बेड रेस्ट पर भी रहना पड़ा था.
क्यों कम हुआ 15 किलो वजन?
इशिता दत्ता ने जूम को दिए एक इंटरव्यू में अपनी बीमारी और वजन घटने के बारे में बात की. उन्होंने बताया, “प्रेग्नेंसी के आखिरी दिनों में मुझे गॉलब्लैडर स्टोन का पता चला. इस वजह से मुझे हर हफ्ते दर्द होता था. हालांकि, उस वक्त डॉक्टर ऑपरेशन नहीं कर सकते थे, क्योंकि पहले डिलीवरी होनी जरूरी थी.”
View this post on Instagram
इशिता ने बताया, “40 दिनों में मेरा 15 किलो वजन घट गया था. वो बहुत बुरा वक्त था. मुझे पता है कि लोग मेरा वजन घटने का नतीजा देखते हैं, लेकिन ये सब जिस तरह हुआ, वो बहुत भयानक था. मैं उम्मीद करती हूं कि किसी के साथ ऐसा न हो.”
रिकवरी में लगे 6 महीने
एक्ट्रेस ने बताया कि बेटी के जन्म के करीब एक महीने बाद उनका ऑपरेशन हुआ. इस पूरी प्रक्रिया का उनके शरीर पर काफी असर पड़ा और वो बेहद कमजोर हो गई थीं. उन्होंने कहा कि उन्हें पूरी तरह रिकवर होने में करीब 6 महीने लग गए. तब तक वो ‘दृश्यम 3‘ की शूटिंग भी शुरू कर चुकी थीं. एक्ट्रेस ने साफ किया कि उनका वजन जानबूझकर नहीं घटा था, बल्कि बीमारी की वजह से ऐसा हुआ.
300 करोड़ के करीब ‘दृश्यम 3’
इशिता दत्ता इन दिनों अपनी हालिया रिलीज ‘दृश्यम: 3’ की बंपर सफलता को एंजॉय कर रही हैं. फिल्म में उन्होंने एक बार फिर अजय देवगन और जयदीप अहलावत के साथ अंजू सालगांवकर का किरदार निभाया है. फिल्म में श्रिया सरन, तब्बू और रजत कपूर भी अहम किरदारों में हैं. अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है. फिल्म भारत में 300 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने के करीब है. दुनियाभर में ये फिल्म 446.8 करोड़ रुपये का बिज़नेस कर चुकी है.




