Shubman Gill Dance VIDEO: शुभमन गिल ने मैदान पर किया डांस, वेलिंगटन में छाया भारतीय कप्तान का ये अंदाज

Shubman Gill Dance VIDEO: शुभमन गिल ने मैदान पर किया डांस, वेलिंगटन में छाया भारतीय कप्तान का ये अंदाज

शुभमन गिल ने वेलिंगटन के मैदान पर डांस किया. आप सोच रहे होंगे क्यों? वो भी टीम की जीत से पहले ही. इसके पीछे की वजह बड़ी है. क्या है वो वजह आइए जानते हैं.

हम तो नाचेंगे भइया… शुभमन गिल के पास उस वक्त सिवाए ये सोचने के दिमाग में और कुछ होगा भी नहीं. ऐसा इसलिए क्योंकि वो पल था ही इतना खास, जिस पल में उन्होंने बेसिन रिजर्व के बीचों बीच खड़े होकर किया जबरदस्त डांस. सीधी भाषा में कहें कि भारतीय क्रिकेट के प्रिंस ने, किंग की याद ताजा कर दी. अमूमन बीच मैदान पर डांस करते विराट कोहली को देखा जाता था. लेकिन, वेलिंगटन टेस्ट के दौरान शुभमन गिल का डांस वाला अंदाज हर दिल को जीतता दिखा.

किस पल में मैदान पर झूम उठे शुभमन गिल?

अब सवाल है कि वो पल था क्या, जिसमें शुभमन गिल ने अपने डांस से सबका दिल लूट लिया. वेलिंगटन टेस्ट के 5वें दिन ऐसा तब हुआ जब भारत ने न्यूजीलैंड को 5वां झटका दिया. जब अंशुल कंबोज को टॉम ब्लंडल का विकेट मिला. ऐसा हुआ न्यूजीलैंड की दूसरी पारी के 77वें ओवर की आखिरी गेंद पर.

गिल ने लिया DRS, भारत को मिला 5वां विकेट

टॉम ब्लंडल के खिलाफ भारत ने कॉट बिहाइंड की जोरदार अपील की. मगर इस अपील में उन्हें पंत का साथ नहीं मिला, क्योंकि पंत को कोई अंदाजा ही नहीं था. फील्ड अंपायर ने भी इस अपील को नकार दिया. लेकिन कंबोज को भरोसा था. कप्तान गिल अपने गेंदबाज के उस भरोसे के साथ गए. उन्होंने DRS लिया और फील्ड अंपायर का फैसला पलट गया, क्योंकि थर्ड अंपायर ने पाया कि गेंद बल्ले का महीन किनारा लेकर विकेटकीपर के दस्तानों में समाई है. इस तरह टॉम ब्लंडल कॉट बिहाइंड हो गए और भारत को 5वां विकेट मिल गया.