SAFF Championship Final: भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से रौंदा, रिकॉर्ड 10वीं बार जीता सैफ चैंपियनशिप का खिताब
SAFF Championship 2026: भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराकर रिकॉर्ड 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम किया. भारतीय फुटबॉल टीम ने 0-1 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की.
SAFF Championship 2026 Final: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में खेले गए सैफ चैंपियनशिप 2026 के काफी रोमांचक खिताबी मुकाबले में भारतीय फुटबॉल टीम ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 2-1 से मात देकर रिकॉर्ड 10वीं बार चैंपियन बनने का गौरव किया. अपनी दूसरी पंक्ति की युवा टीम के साथ टूर्नामेंट में उतरी ब्लू टाइगर्स की टीम ने एक गोल से पिछड़ने के बाद दूसरे हाफ में जबरदस्त वापसी की और लगातार तीसरी बार सैफ चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की.
पहले हाफ में पिछड़ने के बाद जबरदस्त पलटवार
खिताबी मुकाबले में दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही कांटे की टक्कर देखने को मिली और मैच ने दूसरे हाफ में नाटकीय मोड़ लिया. पहले हाफ के आखिरी मिनट में पाकिस्तानी मिडफील्डर आलमगीर गाजी ने एक शानदार कर्लिंग गोल दागकर पाकिस्तान को 1-0 की बढ़त दिला दी. लेकिन दूसरे हाफ में पाकिस्तानी डिफेंडर जुनैद शाह को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया, जिससे पाकिस्तान की टीम 10 खिलाड़ियों पर सिमट गई. भारत ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और मिली फ्री-किक पर सुहैल अहमद भट ने गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया.
मैच के आखिरी पलों में भारतीय डिफेंडर संदीप मंडी ने बेहतरीन हेडर के जरिए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर भारत को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी, जिसे टीम ने इंजरी टाइम तक बरकरार रखा.
पाकिस्तान का सपना टूटा
सैफ चैंपियनशिप के इतिहास में सबसे सफल टीम भारत ने पिछले दो एडिशन जीतने के बाद अब खिताबी हैट्रिक भी पूरी कर ली है. दूसरी ओर, सेमीफाइनल में मेजबान बांग्लादेश को हराकर पहली बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची पाकिस्तानी टीम का खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया. कुछ ही दिन पहले दोनों टीमों के बीच ग्रुप स्टेज में भी काफी रोमांचक मुकाबला खेला गया था, जहां भारत ने पाकिस्तान को 3-2 से शिकस्त दी थी.




