PAK vs SL Test: बिना शॉट खेले स्टंप उखड़वा बैठे बाबर आजम, श्रीलंका के खिलाफ अजीबोगरीब तरीके से हुए आउट, Video
Babar Azam: श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में बाबर आजम कुछ खास नहीं कर सके. वो 9 गेंदों में 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इस दौरान वो काफी अजीबोगरीब तरीके से आउट हुए.
Babar Azam, PAK vs SL 2nd Test: रावलपिंडी में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम एक बार फिर काफी शर्मनाक तरीके से अपना विकेट गंवा बैठे. लाहिरू कुमारा की एक तेज-तर्रार अंदर आती गेंद को बिना खेले छोड़ने के चक्कर में बाबर क्लीन बोल्ड हो गए, जिससे मेजबान टीम मुश्किल में फंस गई. मुकाबले में अजान अवैस और तैयब आरिफ की सलामी जोड़ी ने 80 रनों की सधी हुई साझेदारी कर पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलाई थी, लेकिन 100 के पार पहुंचते ही टीम ने दो विकेट गंवा दिए. ऐसे में पारी को संभालने की जिम्मेदारी के साथ कप्तान बाबर चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे थे, पर वो 9 गेंदों में 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
इनस्विंगर पर चकमा खा गए बाबर
पाकिस्तान की पहली पारी के 36वें ओवर में बाबर आजम की बड़ी चूक देखने को मिली. श्रीलंकाई तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा ने पांचवें स्टंप की लाइन पर एक गुड-लेंथ गेंद फेंकी, जो टप्पा खाने के बाद तेजी से अंदर की ओर आई. लेकिन बाबर गेंद की इस मूवमेंट को भांपने में पूरी तरह नाकाम रहे और अपना ऑफ-स्टंप कवर किए बिना ही बल्ला ऊपर उठाकर गेंद को छोड़ने का फैसला कर बैठे.
गेंद तेजी से अंदर आई और उनके ऑफ-स्टंप के ऊपरी हिस्से को उड़ा ले गई. बाबर के आउट होने से पाकिस्तान का स्कोर 118 रन पर 3 विकेट हो गया. इसके कुछ देर बाद खराब रोशनी के कारण खेल रोकना पड़ा और पहले दिन का खेल समय से पहले समाप्त घोषित कर दिया गया. बाबर आजम के अजीबोगरीब तरीके से आउट होने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.
Greatest leave of the 21st century by Babar Azam!!!!



