IND vs NZ: ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जड़ा शतक, टेस्ट में ऐसा करने वाले छठे भारतीय

IND vs NZ: ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जड़ा शतक, टेस्ट में ऐसा करने वाले छठे भारतीय

Rishabh Pant Century: भारत के बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन टेस्ट में शानदार शतक जड़ा है. ये उनके टेस्ट करियर का 9वां शतक है.

ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले जा रहे पहले टेस्ट की पहली पारी में शानदार शतक जड़ा है. पंत ने अपना शतक टेस्ट मैच के चौथे दिन के पहले सेशन के खेल में पूरा किया. बाएं हाथ के भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने शतक तक पहुंचने के लिए 135 गेंदों का सामना किया, जिस पर उन्होंने 9 चौके और 4 छ्क्के लगाए. ऋषभ पंत के टेस्ट करियर का ये 9वां जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ जमाया पहला शतक है. इस शतक ने वेलिंग्टन टेस्ट में भारत की स्थिति को मजबूत करने का काम किया है.

छक्के से पूरा किया शतक, 153 गेंदों पर ठोके 128 रन

ऋषभ पंत के जब 133 गेंदों पर 95 रन थे, तब उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में शतक पूरा किया. उन्होंने अगली 2 गेंदें जो खेली, उस पर उन्होंने चौका लगाया और फिर छक्का. इस तरह 135 गेंदों पर उन्होंने शतक की दहलीज लांघी. ऋषभ पंत की इनिंग का अंत चौथे दिन के पहले सेशन की आखिरी गेंद पर हुआ. वो रचिन रवींद्र का शिकार बने. उनकी कुल इनिंग 153 गेंदों की रही, जिस पर उन्होंने 128 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे.

ऐसा करने वाले पहले भारतीय विकेटकीपर

ऋषभ पंत का ये न्यूजीलैंड के खिलाफ और न्यूजीलैंड में पहला टेस्ट शतक है. वो सभी SENA देशों में टेस्ट शतक जड़ने वाले भारत के पहले और कुमार संगकारा के बाद एशिया के दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज हैं.

ऐसा करने वाले छठे भारतीय ऋषभ पंत

ऋषभ पंत सारे SENA देशों टेस्ट शतक लगाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज हैं. इस लिस्ट में उनसे पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, विराट कोहली और केएल राहुल का नाम जुड़ चुका है. केएल राहुल ने भी ये उपलब्धि वेलिंग्टन में चल रहे मौजूदा टेस्ट में ही हासिल की है.

पंत का शतक और 3 बेमिसाल पार्टनरशिप

ऋषभ पंत ने अपने टेस्ट करियर का 9वां शतक जमाने के दौरान 3 बेहतरीन साझेदारियों को भी अंजाम दिया. उन्होंने सबसे पहले शुभमन गिल के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए पूरे 100 रन जोड़े. उसके बाद 5वें विकेट के लिए 68 रन की पार्टनरशिप अंशुल कंबोज के साथ की. जबकि छठे विकेट के लिए ध्रुव जुरेल के साथ 75 रन स्कोर बोर्ड में जोड़े. पंत के शतक और इन 3 बेमिसाल साझेदारियों का ही असर है कि भारत पहली पारी में न्यूजीलैंड पर बड़ी बढ़त बना चुका है.

साकेत शर्मा
साकेत शर्मा

'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.

Read More