युवराज सिंह हैं इन 6 खिलाड़ियों के ‘गुरु’, सबके सब मचा रहे हैं तूफान
Yuvraj Singh: युवराज सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने के सालों बाद भी भारतीय क्रिकेट की सबसे मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं. युवी भारतीय बल्लेबाजों को तराशने का काम बखूबी कर रहे हैं.
Yuvraj Singh: 2011 वर्ल्ड कप जीत के नायक रहे पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी पर्दे के पीछे रहकर भारतीय क्रिकेट के भविष्य को संवारने में अहम भूमिका निभा रहे हैं. हाल ही में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ दोहरा शतक जड़ने के बाद अपनी इस ऐतिहासिक पारी का श्रेय युवराज सिंह को दिया. वैभव ने खुलासा किया कि इस मुकाबले से पहले उन्होंने युवी से फोन पर 30 मिनट तक बात की थी, जिसमें युवराज ने उन्हें बल्लेबाजी के बारे में बताया. हालांकि, वैभव सूर्यवंशी अकेले ऐसे खिलाड़ी नहीं हैं जिन्हें युवराज सिंह ने तराशा है. पिछले कुछ सालों में युवी भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद मेंटोर बनकर उभरे हैं.
इन भारतीय सितारों की बल्लेबाजी को युवी ने दी नई धार
शुभमन गिल- भारत के वर्तमान टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल की सफलता के पीछे युवराज सिंह का बहुत बड़ा योगदान रहा है. करियर के शुरुआती दिनों में युवराज ने गिल को न सिर्फ बल्लेबाजी की बारीकियां सिखाईं, बल्कि बड़े लेवल पर खेलने के लिए मानसिक रूप से भी तैयार किया. आज गिल वर्ल्ड क्रिकेट के बेस्ट बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. शुभमन गिल भी कई बार अपनी इस सफलता का श्रेय युवराज सिंह को दे चुके हैं.
अभिषेक शर्मा- अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया भर के गेंदबाजों में खौफ पैदा करने वाले ओपनर अभिषेक शर्मा ने भारतीय टीम में डेब्यू करने से पहले लगभग चार सालों तक युवराज सिंह की देखरेख में कड़ी मेहनत की. युवराज ने अभिषेक के शॉट सिलेक्शन और पावर-हिटिंग को एक अलग ही लेवल पर पहुंचाया. इस समय वो टी20 फॉर्मेट में भारत के सबसे अहम बल्लेबाजों में से एक हैं.
संजू सैमसन- अपने करियर के सबसे मुश्किल दौर से गुजरते समय संजू सैमसन ने भी मार्गदर्शन और आत्मविश्वास हासिल करने के लिए युवराज सिंह की शरण ली थी. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान संजू सैमसन खराब फॉर्म से जूझ रहे थे. युवी की सलाह ने संजू को अपने खेल पर भरोसा रखने और निरंतरता लाने में काफी मदद की. इसके बाद उन्होंने युवी से बात की थी और फिर एक के बाद एक कई मैच विनिंग पारियां खेली थीं.
ऋषभ पंत- स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने भी आईपीएल 2026 से पहले अपनी बल्लेबाजी को और ज्यादा धारदार बनाने के लिए युवराज सिंह की मदद ली थी. इसके बाद उन्होंने आईपीएल के बाद भी युवराज सिंह के साथ अपनी बल्लेबाजी पर काम किया था. उन्होंने हाल ही में न्यूजीलैंड दौरे पर एक यादगार शतक जड़ा है.
प्रियांश आर्या- दिल्ली के बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने भी प्रभसिमरन सिंह के साथ युवराज सिंह की देखरेख में ट्रेनिंग लेकर अपने खेल को निखारा है. युवराज सिंह इस युवा खिलाड़ी की बल्लेबाजी पर काम करते रहे हैं और उन्हें मार्गदर्शन देते रहे हैं.
वैभव सूर्यवंशी- अब इस लिस्ट में वैभव सूर्यवंशी का नाम भी जुड़ गया है. जहां उन्होंने अपने संघर्ष और तकनीकी सुधारों पर सलाह ली और मैदान पर उतरते ही तूफान मचा दिया.




