Kuku Kohli Death: डायरेक्टर कुकू कोहली का निधन, अजय देवगन को फिल्म इंडस्ट्री में दिया था पहला मौका
Kuku Kohli Death: हिंदी सिनेमा के मशहूर डायरेक्टर कुकू कोहली अब इस दुनिया में नहीं रहे हैं. 77 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. अजय देवगन को फिल्मों में पहला मौका उन्होंने ही दिया था.
Kuku Kohli Death: हिंदी सिनेमा जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन को इंडस्ट्री में पहला ब्रेक देकर रातोंरात स्टार बनाने वाले जाने-माने फिल्म डायरेक्टर कुकू कोहली का निधन हो गया है. 77 साल की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली. कुकू कोहली का असली नाम संदेश कोहली था और वो पिछले कई दशकों से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए थे. उनके अचानक यूं चले जाने से पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ पड़ी है.
फिल्ममेकर और कुकू कोहली के करीबी दोस्त अशोक पंडित ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. अशोक पंडित ने कहा कि वो बिल्कुल फिट थे, उन्होंने कोई गंभीर बीमारी नहीं थी. हालांकि, अटैक की वजह से उनका निधन हो गया.
कुकू कोहली के परिवार में कौन-कौन?
कुकू कोहली ‘इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन’ के जनरल सेक्रेटरी पद पर भी लंबे समय तक कार्यरत रहे थे. उनके परिवार में उनकी पत्नी व मशहूर एक्ट्रेस अरुणा ईरानी हैं. इसके अलावा उनकी पहली पत्नी रीता कोहली से उनकी दो बेटियां पूजा और करिश्मा भी हैं.
‘फूल और कांटे’ से रचा था इतिहास
बतौर डायरेक्टर कुकू कोहली ने साल 1991 में आई फिल्म ‘फूल और कांटे’ से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था. दो चलती बाइक्स पर पैर रखकर अजय देवगन की वो एंट्री वाला सीन आज भी भारतीय सिनेमा के सबसे आइकॉनिक सीन में से एक है. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी और इसने अजय देवगन के साथ-साथ एक्ट्रेस मधू को भी नई पहचान दिलाई थी. फिल्म में अमरीश पुरी, अरुणा ईरानी और जगदीप जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आए थे.
ये भी पढ़ें-
अक्षय खन्ना की महाकाली में हुई इस एक्टर की एंट्री, फिल्म को लेकर दिया धांसू अपडेट
टेस्ट होगा तो धराइए जाएंगेतेज प्रताप यादव ने पवन सिंह पर ये क्या बोल दिया
अजय और अक्षय को पहली बार लाए थे साथ
‘फूल और कांटे’ की बंपर कामयाबी के बाद कुकू कोहली ने 1994 में सुपरहिट फिल्म ‘सुहाग’ बनाई. इसी फिल्म के जरिए पहली बार सिल्वर स्क्रीन पर अजय देवगन और अक्षय कुमार की जोड़ी एक साथ देखने को मिली थी, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया था. इसके बाद उन्होंने ‘हकीकत’ (1995), ‘जुल्मी’ (1999), ‘अनाड़ी नं. 1’ (1999) और म्यूजिकल हिट फिल्म ‘ये दिल आशिकाना’ (2002) जैसी कई यादगार फिल्में डायरेक्ट की. बतौर डायरेक्टर उनकी आखिरी फिल्म साल 2004 में आई ‘वो तेरा नाम था’ रही. हिंदी कमर्शियल सिनेमा में एक्शन, ड्रामा और संगीत को बेहतरीन तरीके से पिरोने वाले कुकू कोहली का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा.




