Siddharth Jadhav: ‘सिंबा’ फेम सिद्धार्थ जाधव लड़ रहे जिंदगी और मौत की जंग? फेक न्यूज पर फूटा एक्टर का गुस्सा
एक्टर सिद्धार्थ जाधव के 'गंभीर बीमारी और मौत से जंग' लड़ने की फर्जी खबर पर बवाल मच गया है. सोशल मीडिया पर अफवाह देख भड़के एक्टर ने वीडियो शेयर कर फेक न्यूज वालों को करारा जवाब दिया है.
Siddharth Jadhav Angry On Fake News: रणवीर सिंह के साथ फिल्म ‘सिम्बा’, ‘सर्कस’ और टीवी शो ‘कॉमेडी सर्कस’ में अपनी जबरदस्त कॉमेडी और एनर्जी से दर्शकों को हंसाने वाले मराठी एक्टर सिद्धार्थ जाधव की जिंदगी-मौत से जंग लड़ने की फेक न्यूज इंटरनेट पर वायरल कर दी गई. जब खुद एक्टर के सामने उनके गंभीर रूप से बीमार होने और ‘मौत से जंग लड़ने’ की ये फर्जी खबर आई, तो पहले वो खूब हंसे और फिर गुस्सा भी हुए. सिद्धार्थ ने बिना देर किए सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर फेक न्यूज चलाने वालों की जमकर क्लास लगाई.
दरअसल, सोशल मीडिया और कुछ यूट्यूब चैनल्स पर व्यूज पाने की भूख में सिद्धार्थ जाधव की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक थंबनेल लगाए गए थे. वीडियो पर बड़े-बड़े अक्षरों में मराठी में लिखा था, “अभिनेता सिद्धार्थ जाधव लड़ रहे हैं मौत से जंग… गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं.” इस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकत पर सिद्धार्थ जाधव ने फर्जी वीडियो का स्क्रीनशॉट और क्लिप शेयर करते हुए करारा जवाब दिया.
View this post on Instagram
“मरने की इतनी जल्दी क्या है?”
सिद्धार्थ जाधव ने सोशल मीडिया पर अपनी पोस्ट के जरिए अपने तमाम फैंस को भरोसा दिलाया कि वो बिल्कुल ठीक हैं और लगातार काम कर रहे हैं. सिद्धार्थ ने तंज कसते हुए लिखा, “नमस्कार, मैं पूरी तरह से ठीक और तंदुरुस्त हूं. मेरे नाटक ‘एनिमल’ के शोज बिल्कुल सही चल रहे हैं और मेरे टीवी शो ‘धिंगाणा’ की शूटिंग भी जारी है. जिन-जिन लोगों ने फिक्र में मुझे मैसेज और कॉल किए, उन सभी का दिल से शुक्रिया. लेकिन खबर बनाने वालों, कम से कम एक बार मुझसे तो पूछ लेते? आपको आखिर इतनी जल्दी किस बात की है भाई? जिसने भी ये हेडलाइन और खबरें बनाई हैं, उन्हें तो सीधा नोबेल प्राइज दे देना चाहिए. इंसान सच में किसी (एनिमल) जानवर से भी ज्यादा खतरनाक प्राणी बन चुका है.”
गुस्से के बीच अपने नाटक का कर दिया प्रमोशन
सिद्धार्थ ने आगे बेहद चुटीले अंदाज में कहा कि इन झूठी खबरों पर ध्यान देने से अच्छा है कि वो अपने काम की बात करें. उन्होंने कहा कि वो 26 अगस्त को दादर के छत्रपति शिवाजी मंदिर में उनका नाटक देखने जरूर आएं. सिद्धार्थ जाधव अपनी कमाल की कॉमिक टाइमिंग और दमदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं. सिर्फ मराठी ही नहीं, बल्कि हिंदी सिनेमा में भी उन्होंने अपनी एक अलग पहचान बनाई है. ऐसे में अपने चहेते कलाकार के बारे में ऐसी झूठी खबर सामने आने के बाद उनके फैंस का गुस्सा भी फूट पड़ा है और लोग फेक न्यूज फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.




