Raaz की वो खूबसूरत भूतनी याद है? शादी टूटी, बॉलीवुड छोड़ा, 24 साल बाद जंगल में मिलीं मालिनी शर्मा, बन गई हैं 2 बच्चों की मां

Raaz की वो खूबसूरत भूतनी याद है? शादी टूटी, बॉलीवुड छोड़ा, 24 साल बाद जंगल में मिलीं मालिनी शर्मा, बन गई हैं 2 बच्चों की मां

2002 की हॉरर फिल्म 'राज' में अपनी खूबसूरती से खौफ पैदा करने वाली मालिनी शर्मा 24 साल बाद सामने आई हैं. मुंबई की चकाचौंध छोड़ अब वो महाराष्ट्र की वादियों में सुकून से जिंदगी बिता रही हैं.

Raaz Actress Malini Sharma: साल 2002 में आई विक्रम भट्ट की ब्लॉकबस्टर हॉरर फिल्म ‘राज़’ का वो खौफनाक मंजर आज भी दर्शकों के जेहन में ताजा है. बिपाशा बसु और डिनो मोरिया स्टारर इस फिल्म में जिस खूबसूरत चेहरे ने अपनी कातिल मुस्कान और भूतनी के रोल से पर्दे पर दहशत फैलाई थी, वो नाम था मालिनी शर्मा. बॉम्बे वाइकिंग्स के सुपरहिट म्यूजिक वीडियो ‘क्या सूरत है’ से हर दिल पर छाने वाली और फिल्म ‘राज’ में ‘आपके प्यार में हम संवरने लगे’ गाने से मशहूर हुईं मालिनी शर्मा इस फिल्म के बाद अचानक फिल्मी पर्दे और चकाचौंध से गायब हो गईं.

अब पूरे 23 साल बाद मालिनी शर्मा अचानक सुर्खियों में आई हैं. न कोई फिल्मी पार्टी, न कोई रेड कार्पेट, बल्कि मालिनी अब मुंबई की भागदौड़ और लाइमलाइट से कोसों दूर सह्याद्री के घने जंगलों और पहाड़ों के बीच एक बेहद शांत और सादा जीवन बिता रही हैं.

बॉलीवुड से किया किनारा

मॉडलिंग और म्यूजिक वीडियोज में लगातार नजर आने वालीं मालिनी शर्मा का करियर तो बुलंदी पर था, लेकिन उसी दौर में उनकी निजी जिंदगी में बड़ा मोड़ आया. मालिनी ने ‘तुम बिन’ फिल्म से रातों-रात स्टार बने मशहूर एक्टर प्रियांशु चटर्जी से शादी की थी. हालांकि, दोनों का ये रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल सका. शादी के कुछ ही सालों बाद दोनों के बीच दूरियां बढ़ीं और उनका तलाक हो गया.

ये भी पढ़ें: 23 साल पहले शाहरुख-सलमान की पिक्चर से भी आगे रही थी बिपाशा की फिल्म, छापे थे 7 गुना ज्यादा पैसे

‘राज’ जैसी सुपरहिट फिल्म देने और इतनी बड़ी पहचान मिलने के बावजूद मालिनी ने ग्लैमर की दुनिया, पैसा और शोहरत की अंधी दौड़ के पीछे भागने के बजाय खुद को पूरी तरह समेट लिया. पर्सनल लाइफ के झटकों के बाद उन्होंने हमेशा के लिए बॉलीवुड और लगातार पीछा करने वाले कैमरों को अलविदा कह दिया.

सह्याद्री के पहाड़ों में चला रही हैं फार्म स्टे

सालों तक गुमनामी में रहने वाली मालिनी शर्मा सोशल मीडिया पर पिछले कुछ साल से वीडियो शेयर कर रही हैं. हालांकि उनका इंस्टा अकाउंट उनके नाम से नहीं है. मालिनी पोस्ट पर कई फैंस को जवाब भी देती हैं. एक फैन के सवाल पर उन्होंने कुछ वक्त पहले कहा था, “मैं जिंदा हूं और मैं यहीं हूं.”

मालिनी महाराष्ट्र में स्थित सह्याद्री के खूबसूरत पर्वतों की वादियों के बीच ‘द स्लो लोकल’ नाम से एक फार्म स्टे चला रही हैं. ‘द स्लो लोकल डायरीज’ के जरिए अपने इस नए सफर की झलक दिखाते हुए उन्होंने बताया कि वो अब प्रकृति के बिल्कुल करीब रहकर जिंदगी जी रही हैं. मालिनी अपने फार्म पर खुद ऑर्गेनिक सब्जियां उगाती हैं, वहां आने वाले मेहमानों का स्वागत करती हैं और उनके लिए अपने हाथों से चूल्हे पर खाना बनाती हैं.

मायानगरी की बनावटी चमक-दमक को छोड़कर पहाड़ों की शुद्ध हवा और सादगी को चुनना, उनके फैन्स के लिए बहुत बड़ा सरप्राइज है. 23 साल बाद उनका ये बदला हुआ रूप देखकर सभी हैरान हैं. वो लगातार फैंस के सवालों के भी जवाब देती हैं. उन्होंने एक सवाल के जवाब में बताया कि उन्होंने एक मुस्लिम शख्स से शादी की है. एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मेरे दो प्यारे बेटे हैं.

सोनाली नाईक
सोनाली नाईक

सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.

Read More